पोकरण. पंचायतीराज चुनाव की सरगर्मियों के बीच सांकड़ा क्षेत्र में पेयजल संकट, पशुधन के लिए चारे की कमी, क्षतिग्रस्त सड़कें और शिक्षा व्यवस्था में सुधार प्रमुख मुद्दे बनकर उभरे हैं। गांवों की चौपालों से लेकर चाय की दुकानों तक चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्रामीणों के बीच जनप्रतिनिधियों के पिछले कार्यकाल और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को लेकर चर्चा हो रही है। जैसलमेर जिले में पंचायतीराज चुनाव चौथे चरण में होंगे। इसके लिए 31 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होने के साथ चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। सांकड़ा ग्राम पंचायत उपतहसील मुख्यालय होने के साथ अब पंचायत समिति मुख्यालय भी है। पहले पंचायत समिति सांकड़ा का मुख्यालय पोकरण कस्बे में था। गत वर्ष हुए पंचायतीराज परिसीमन के बाद मुख्यालय सांकड़ा गांव में स्थानांतरित कर दिया गया। मुख्यालय बनने के बाद यहां पहली बार पंचायत समिति चुनाव हो रहे हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में उत्साह है, लेकिन स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर अपेक्षाएं भी बनी हुई हैं।