GST Department: जयपुर. राजस्थान वाणिज्यिक कर विभाग ने जीएसटी राजस्व में अनियमितताओं और कर अपवंचना के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 18 सितंबर को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की। विभागीय अधिकारियों ने सात व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वे और निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में इन मामलों में करीब 159.95 लाख रुपए की संभावित कर देनदारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान संबंधित करदाताओं ने 70.59 लाख रुपए की राशि स्वैच्छिक रूप से जमा कराई।विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान अपात्र इनपुट टैक्स क्रेडिट, बिना बिल खरीद-बिक्री, फर्जी बिलिंग, स्टॉक में अनियमितता और वास्तविक माल की आपूर्ति के बिना कर चालान जारी करने जैसे मामलों की जांच की गई। कई प्रतिष्ठानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज, रजिस्टर, नोटबुक और अन्य अभिलेख भी जब्त किए गए हैं। इन सभी मामलों में विस्तृत जांच अभी जारी है।