लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) बिल पास नहीं होने पर रविवार को CM भजनलाल शर्मा ने कहा- विपक्ष ने अपनी ओछी राजनीति के चलते महिलाओं के सपनों पर पानी फेर दिया। यह परिवारवाद वाली पार्टियां हैं। इनके मन में कहीं ना कहीं भय था कि महिलाएं कहीं इनसे आगे नहीं निकल जाएं। इन्होंने विधेयक गिरने के बाद जिस तरह से जश्न मनाया, यह शर्मनाक पल था। सीएम ने कहा- विपक्ष ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। इन्होंने केवल महिला सशक्तिकरण का नारा लगाया, लेकिन वास्तव में जब आवश्यकता हुई तब उसमें रोड़े अटकाने का काम किया। सीएम ने कहा- विपक्ष कान खोलकर सुन ले, महिलाएं इस अपमान को भूलने वाली नहीं हैं। आने वाले समय में माता-बहनें इसका जवाब देंगी। सीएम भजनलाल शर्मा ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत की। डोटासरा ने सीएम भजनलाल शर्मा पर किया पलटवार पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने सीएम पर पलटवार किया। डोटासरा ने कहा- सीएम ने दिल्ली से आई हुई पर्ची पढ़कर सुनाई। अगर सच में इनके यहां महिलाओं का सम्मान होता तो दीया कुमारी को मुख्यमंत्री बनाया जाता। डोटासरा ने केंद्र पर महिलाओं को सम्मानित पद नहीं देने का आरोप लगाया। डोटासरा ने कहा- ये लोग केवल महिला सम्मान की बात ही करते हैं। आज प्रेस वार्ता के दौरान इन्होंने दिया कुमारी को सिर्फ बैठाकर रखा, उन्हें प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलने का मौका तक नहीं दिया गया। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को सरकार में पर्याप्त सम्मान नहीं दिया जाता है। बजट जैसे मामलों में उनसे कोई राय नहीं ली जाती है, उनके विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठकों में भी उन्हें नहीं बुलाया जाता है