राजस्थान में सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर सियासी टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी के को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को चुनौती देते हुए कहा- मैं बंगाल में तीन दिन बिताने के बाद जयपुर लौट रहा हूं। अब अगले कुछ दिनों तक अपनी पूरी टीम के साथ राजस्थान के सरकारी स्कूलों का दौरा करूंगा। आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया X पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को संबोधित करते हुए लिखा- मदन दिलावर जी आपके लिए एक ऑफर है। आपके कार्यकाल के दौरान बने 10 सबसे शानदार स्कूल बताइए। मैं अपनी टीम के साथ वहां का भी दौरा करूंगा। आपके पास दिखाने के लिए ऐसे 10 स्कूल तो होंगे ही। रांका के इस बयान के बाद सरकारी स्कूलों की स्थिति और शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर राजनीतिक बहस फिर शुरू हो गई है। खास बात यह है कि यह बयान ऐसे समय आया है, जब सरकारी स्कूलों के निरीक्षण और बाहरी लोगों की एंट्री को लेकर शिक्षा विभाग पहले ही सख्ती के कदम उठा चुका है। कॉकरोच जनता पार्टी के सक्रिय होने के बाद शिक्षा विभाग ने कसा शिकंजा राजस्थान में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं के सरकारी स्कूलों में पहुंचने और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में मीडिया और आमजन की एंट्री पर बैन लगा दिया है। विभाग की ओर से स्कूल परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश और गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। सरकार की ओर से स्कूलों की व्यवस्था और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न होने का तर्क दिया गया था। वहीं विपक्षी नेताओं ने इसे सरकार की आलोचना से बचने और सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने आने से रोकने की कोशिश बताया। इसी विवाद के बीच आशुतोष रांका ने राजस्थान लौटते ही सरकारी स्कूलों के दौरे का ऐलान किया है। बता दें कि राजस्थान में सरकारी स्कूलों की स्थिति लंबे समय से राजनीतिक बहस का मुद्दा रही है। सरकार की ओर से स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, भवन निर्माण, डिजिटल संसाधन और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के दावे किए जाते रहे हैं। वहीं विपक्ष और विभिन्न संगठन कई स्कूलों में सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। अब आशुतोष रांका की ओर से 10 बेहतर स्कूल बताने की चुनौती के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और शिक्षा विभाग के सामने राजनीतिक रूप से भी जवाब देने की चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे में सरकार इन स्कूलों की जानकारी देती है तो रांका और उनकी टीम के संभावित दौरे पर भी नजर रहेगी। वहीं अगर स्कूलों के निरीक्षण को लेकर फिर रोक-टोक होती है, तो यह मुद्दा राजनीतिक विवाद खड़ा कर सकता है। — ये खबर भी पढ़िए- दिलावर बोले-स्कूलों में मीडिया एंट्री पर पाबंदी नहीं:CJP की चेतावनी-सरकार एडवांस में FIR दर्ज करवा दे, गहलोत ने कहा-सरकार फैसला वापस ले राजस्थान के सरकारी स्कूलों में मीडिया की एंट्री पर बैन लगाने के मामले में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सफाई दी है। (पढ़िए पूरी खबर)