बांसवाड़ा में शनिवार को डगिया भैरव जी मंदिर परिसर में पौधों के रखरखाव का जायजा लेने पहुंचे घाटोल विकास अधिकारी (BDO) धनपत सिंह के सामने जब एक बेबस बुजुर्ग महिला ने अपनी पीड़ा बयां कीं। अधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही समस्या का समाधान कर दिया। ​डेढ़ साल से काट रही थी चक्कर, 20 हजार का एरियर भी मिलेगा ग्राम पंचायत घाटोल के नवाटापरा निवासी कंकू देवी पत्नी धीरिया की वृद्धावस्था पेंशन अक्टूबर 2024 से बंद पड़ी थी। कंकू देवी ने बताया कि बैंक खाते और जन आधार अपडेट नहीं होने के कारण उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा था। मंदिर परिसर में मौजूद बीओडी को महिला ने बताया कि वह करीब डेढ़ साल से परेशान है। इस पर बीओडी धनपत सिंह ने तुरंत पंचायत समिति के पेंशन शाखा प्रभारी हरिओम डामोर को मौके पर बुलाया। ​रथ यात्रा छोड़ पहुंचे प्रभारी, OTP से हुआ सत्यापन पेंशन प्रभारी हरिओम डामोर उस समय बासलीखेड़ा में ‘ग्राम रथ यात्रा’ में व्यस्त थे, लेकिन सूचना मिलते ही वे तुरंत मंदिर पहुंचे। वहां महिला का मोबाइल नंबर अपडेट कर ओटीपी (OTP) के जरिए भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। सत्यापन होते ही महिला की पेंशन यथावत शुरू हो गई है। बीओडी ने बताया कि महिला का करीब 20 हजार रुपए का पिछला बकाया (एरियर) भी जल्द ही उनके खाते में जमा हो जाएगा। ​पौधों की सुध लेने गए थे अधिकारी दरअसल, बीओडी धनपत सिंह भीषण गर्मी में मंदिर परिसर में लगे पौधों की स्थिति और उनके रखरखाव को देखने पहुंचे थे। मौके पर ही हुए इस निस्तारण से बुजुर्ग महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई।