राजस्थान में दो सबसे चर्चित हत्याकांड को अंजाम देने वाले कातिल आपस में शादी करने जा रहे हैं। शुक्रवार, 23 जनवरी को अलवर के बड़ौदामेव में दोनों की शादी होगी। इसका एक कार्ड भी सामने आया है। दुल्हन का नाम है- प्रिया सेठ, जिसने हनी ट्रैप में फंसाकर अपने बॉयफ्रेंड को बेरहमी से मौत के घाट उतारा था। दूल्हे का नाम है- हनुमान प्रसाद उर्फ जैक, जिसने अलवर में अपनी गर्लफ्रेंड और ताईक्वांडो प्लेयर के साथ मिलकर उसके पति और बच्चों को मौत की नींद सुला दिया था। दोनों अपने गुनाहों के लिए उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला पैरोल एडवाइजरी कमेटी ने प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद की पैरोल मंजूर की है। जयपुर की ओपन जेल में दोनों में नजदीकियां बढ़ी, लव स्टोरी शुरू हुई। 6 महीने से लिव इन में थे। अब शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। पढ़िए ये स्टोरी… ओपन जेल में लिव-इन में रह रहे, पुराने बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड को छोड़ा जयपुर के दुष्यंत मर्डर केस (मई 2018) में जेल जाने से पहले प्रिया सेठ अपने पूर्व बॉयफ्रेंड दीक्षांत कामरा के साथ लिव इन में रह रही थी। दीक्षांत भी प्रिया के साथ इस मर्डर केस में सह आरोपी है और उम्रकैद की सजा काट रहा है। वहीं, हनुमान प्रसाद, जिसने अपने से 10 साल बड़ी गर्लफ्रेंड संतोष शर्मा के लिए उसके पति और बच्चों का मर्डर ( अक्टूबर 2017) किया, अब उसे छोड़कर उसने प्रिया सेठ को शादी के लिए चुना है। ताइक्वांडो प्लेयर रही संतोष शर्मा भी हनुमान प्रसाद के साथ उस मर्डर केस में सह आरोपी है और उम्रकैद की सजा काट रही है। अब दोनों ने ही पूर्व प्रेमियों को छोड़ आपस में शादी का फैसला किया है। प्रिया और हनुमान प्रसाद अलग-अलग मर्डर केस में दोषी पाए गए थे। दोनों जयपुर सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। करीब सालभर पहले प्रिया सेठ और हनुमान प्रसाद को जयपुर सेंट्रल जेल से सांगानेर स्थित ओपन जेल में शिफ्ट किया गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ओपन जेल में शिफ्ट होने के बाद दोनों के बीच करीब 6 महीने पहले अफेयर शरू हुआ था। करीब 4 महीने से प्रिया और हनुमान ओपन जेल में ही लिव-इन में रह रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पिछले साल नंवबर में दोनों ने शादी करने का फैसला किया। दोनों ने अपने परिजनों को इस संबंध में जानकारी दी और दिसंबर में पैरोल के लिए प्रयास शुरू कर दिए थे। इस बीच शादी के कार्ड भी छपवा लिए गए, जिन्हें पैरोल लेने के लिए हाईकोर्ट के सामने पेश भी किया गया। गांव में रखवाए शादी के फंक्शन
भास्कर के पास शादी का एक्सक्लूसिव कार्ड भी मौजूद है। जिसके अनुसार शादी के फंक्शन 3 दिन तक चलेंगे। ये सारे आयोजन हनुमान प्रसाद के पैतृक निवास हौली चौक, बड़ौदामेव, जिला अलवर में होंगे। 21 जनवरी लग्न, 22 को चाक भात, 23 जनवरी की दोपहर घुड़चढ़ी और शाम 6 बजे प्रीतिभोज रखा गया है। कार्ड पर छपी डिटेल के अनुसार प्रिया सेठ 33 साल की है और हनुमान प्रसा की उम्र 32 साल है। दोनों की ओर से पैरोल के लिए हाईकोर्ट में पैरवी एडवोकेट विश्राम प्रजापति ने की। अब दोनों चर्चित मर्डर केस की कहानी हनुमान प्रसाद : शादीशुदा गर्लफ्रेंड के पति-बच्चों सहित 5 का बेरहमी से कत्ल
हनुमान प्रसाद अलवर के जिस हत्याकांड का दोषी है, वह मामला 2 अक्टूबर, 2017 की रात का है। पुलिस को 3 अक्टूबर 2017 की सुबह 6 बजे अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाने में मर्डर की सूचना मिली थी। एक ही रात में ताइक्वांडो प्लेयर संतोष शर्मा के पति बनवारी लाल सहित परिवार के 5 जनों का जानवर काटने वाले चाकू से मर्डर हुआ, जिनमें 4 बच्चे भी थे। बनवारी लाल शर्मा (45), उसके तीन बेटों मोहित (17), हैप्पी (15), अज्जू (12) व भतीजे निक्की(10) की हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में पता चला कि तीन हत्यारों ने नींद की गोलियों से छाई बेहोशी का फायदा उठाकर पहले चाकू से पांचों का गला काटा। फिर शरीर पर चाकू के इतने वार किए कि बचने की कोई उम्मीद न रहे। लाशें इतनी लहूलुहान थी कि बिस्तर तक खून सन गए थे। संतोष शर्मा और बनवारी लाल 15 साल से शादीशुदा थे। बनवारी लाल अलवर के एमआईए स्थित एक फैक्ट्री में ऑपरेटर का काम करता था। पुलिस जांच में कॉल डिटेल के आधार पर पता चला कि संतोष और हनुमान प्रसाद के बीच अफेयर चल रहा था। संतोष हनुमान से 10 साल बड़ी थी। पकड़े जाने के बाद हनुमान प्रसाद ने पुलिस को बताया कि वो उदयपुर में सीकर के एक दोस्त के साथ BPED की ट्रेनिंग कर रहा था। साल 2014 में एक टूर्नामेंट के दौरान उदयपुर में उसकी ताइक्वांडो कोच संतोष से दोस्ती हुई थी। हनुमान ने बताया कि संतोष के पति बनवारी और बेटे मोहित को उस पर शक हो गया था। इसके चलते उसने और संतोष ने अपने दो साथियों कपिल और दीपक की मदद से बनवारी और उसके तीन बेटों व एक भतीजे की हत्या कर दी। पुलिस ने इन्वेस्टिगेशन में जब हनुमान, संतोष और अन्य आरोपियों को आमने-सामने बैठाया तो धीरे-धीरे हत्याकांड की पूरी कहानी सामने आ गई। हत्या के लिए हनुमान ने 30 सितंबर 2017 को ऑनलाइन 1260 रुपए में जानवरों को काटने वाला छुरा मंगवाया था। छुरा करीब 31 सेमी लंबा और 4 सेमी चौड़ा था। मर्डर के समय दर्द से चीख नहीं निकले, इसके लिए नशीली गोलियां भी हनुमान ने संतोष को लाकर दी थीं। हनुमान प्रसाद 2 अक्टूबर की रात संतोष के घर पहुंचा था। संतोष ने सबसे पहले इशारे से बताया कि पति कहां सो रहा है। संतोष के इशारा करते ही हनुमान ने सबसे पहले पति बनवारी लाल का गला काटा। संतोष ये सब कुछ सीढ़ियों में खड़े होकर देख रही थी। इस दौरान बच्चे जग गए, इस कारण बच्चों को भी चाकू से मार डाला, पांचों के शवों पर चाकुओं से दर्जनों वार किए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर राजगढ़ रेलवे स्टेशन के पास स्थित मंदिर के पीछे एक खेत में गड्‌ढ़ा खोद कर छिपाए गए खून से सने दो चाकू व अन्य सामान भी बरामद कर लिए। वहीं, हनुमान के कमरे से खून से सने कपड़े और 7 मोबाइल भी जब्त किए। इस मामले में अलवर की अपर जिला और सेशन कोर्ट-2 ने संतोष और उसके प्रेमी हनुमान प्रसाद को उम्रकैद की सजा सुनाई। प्रिया सेठ : बॉयफ्रेंड को कमरे पर बुलाया, पिता को ब्लैकमेल कर पैसे लिए, फिर मर्डर प्रिया सेठ पाली जिले के फालना की रहने वाली है। उसके पिता अशोक सेठ सरकारी कॉलेज में लेक्चरर और मां भी टीचर थी। प्रिया ने 10वीं में 82 प्रतिशत और बारहवीं में 78 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। माता-पिता ने प्रोफेसर बनने के लिए आगे पढ़ाई करने साल 2011 में जयपुर भेजा। प्रिया जयपुर आई, तब महज 20 साल की थी। इस बीच उसकी दोस्ती मुंबई में मॉडलिंग करने वाले श्रीगंगानगर के पदमपुर की इंदिरा कॉलोनी में रहने वाले दीक्षांत कामरा से हो गई। दोनों जयपुर में लिव-इन में रहने लगे। दीक्षांत के पिता भी सरकारी टीचर थे। प्रिया सेठ ने झोटवाड़ा के रहने वाले दुष्यंत शर्मा की हत्या की साजिश पूर्व प्रेमी दीक्षांत कामरा का कर्ज उतारने के लिए रची थी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार प्रिया ने डेटिंग ऐप के जरिए दुष्यंत को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। प्रिया के लिव-इन पार्टनर दीक्षांत कामरा पर काफी कर्ज था, जिसे उतारने के लिए उसने दीक्षांत कामरा के दोस्त लक्ष्य वालिया को भी मर्डर प्लान में शामिल कर लिया। प्रिया सेठ, दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया से हुई पूछताछ में सामने आया था कि प्रिया सोशल मीडिया डेटिंग ऐप टिंडर पर एक्टिव थी। साल 2018 के फरवरी-मार्च महीने में उसका ऐप पर दुष्यंत से कॉन्टैक्ट हुआ था। 2 मई 2018 को उसने दुष्यंत को मिलने बुलाया। मुलाकात के बाद वह उसे बजाज नगर स्थित फ्लैट पर ले गई। जहां पहले से प्रिया का बॉयफ्रेंड दीक्षांत और उसका साथी लक्ष्य वालिया मौजूद था। फ्लैट पर पहुंचते ही तीनों ने दुष्यंत को बंधक बना लिया। उसके पिता रामेश्वर प्रसाद से 10 लाख रुपए फिरौती मांगी। पिता ने 3 लाख रुपए दुष्यंत के अकाउंट में जमा भी करा दिए। लेकिन पकड़े जाने के डर से तीनों ने दुष्यंत का गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद तीनों ने दुष्यंत की बॉडी को सूटकेस में बंद कर आमेर की पहाड़ियों में फेंक दिया था। वारदात के बाद दुष्यंत के पिता रामेश्वर प्रसाद ने प्रिया सहित अन्य के खिलाफ 3 मई 2018 को झोटवाड़ा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आमेर थाना पुलिस को दुष्यंत का शव 3 मई की रात को मिला था। जांच के बाद पुलिस ने 4 मई को आरोपियों प्रिया, दीक्षांत और लक्ष्य को गिरफ्तार किया था। प्रिया ने पुलिस को दिए बयानों में इस बात को स्वीकार किया था कि वह अपने महंगे खर्चों को पूरा करने के लिए डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को फंसाती थी। उनको ब्लैकमेल करके रुपए मांगती थी। दुष्यंत शर्मा हत्याकांड मामले में जयपुर के डीजे कोर्ट ने 24 नवंबर 2023 को प्रिया सेठ, दीक्षांत कामरा और लक्ष्य वालिया को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। ये खबरें भी पढ़ेंः 1. बॉयफ्रेंड की हत्या करने वाली प्रिया सेठ कर रही शादी:जेल में हत्यारे से हुआ प्यार; पैसों के लिए अमीर लड़कों को जाल में फंसाती थी हनीट्रैप में फंसाकर युवक की हत्या करने वाली प्रिया सेठ शादी करने जा रही है। जयपुर के चर्चित दुष्यंत शर्मा मर्डर केस में सजा काट रही प्रिया को शादी के लिए 15 दिन की पैरोल दी गई है। (पूरी खबर पढ़ें) 2. पत्नी ने पति, 3 बेटों-भतीजे का करवाया था मर्डर:प्रेमी से कटवाए थे गले, सब तड़पते रहे और वो चुपचाप देखती रही साल 2017 और तारीख 2 अक्टूबर। अहिंसा के सबसे बड़े चेहरे महात्मा गांधी की जयंती। उसी रात राजस्थान के अलवर में रूह कंपा देने वाला हत्याकांड सामने आया। एक ही रात में परिवार के 5 लोगों का मर्डर, जिनमें 4 बच्चे थे…(CLICK कर पढ़ें) 3. लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर किया था बॉयफ्रेंड का मर्डर:पैसों के लिए अमीर लड़कों को जाल में फंसाती; प्रोफेसर बनना चाहती थी, काट रही उम्रकैद 10वीं में 82% और 12वीं में 78% मार्क्स। ये उस लड़की के मार्क्स हैं, जो इस वक्त जेल में उम्रकैद की सजा काट रही है। प्रोफेसर बनने का सपना लेकर पाली से जयपुर आई यह लड़की लग्जरी लाइफ की चाह में क्रिमिनल बन गई। पैसों के लिए अमीर घरों के लड़कों को अपने जाल में फंसाती…(CLICK कर पढ़ें)

You missed