भास्कर न्यूज | जालंधर आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत वीरवार को क्षेत्रीय परिवहन दफ्तर की तरफ से बाइक रैली निकाली गई। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अमनपाल सिंह, जॉइंट डायरेक्टर लीड एजेंसी ऑन रोड सेफ्टी और रिटायर्ड एसएसपी एमएस भुल्लर, एडीसीपी हरमिंदर सिंह गिल, सीएमएफओ नवदीप सिंह और सहायक कमिश्नर रोहित जिंदल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम से शुरू हुई यह बाइक रैली चुनमुन मॉल से बीएसएफ चौक होते हुए वापस स्टेडियम में समाप्त हुई। यह रैली महिलाओं के राइडर्स ग्रुप ‘पंजाब राइडर्स’ के सहयोग से निकाली गई, जिसमें 15 महिला बाइकर्स ने हिस्सा लिया। आरटीओ अमनपाल सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार की हिदायतों पर मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा महीने के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए अलग-अलग गतिविधियां करवाई जा रही हैं। बाइक रैली का उद्देश्य लोगों को जिम्मेदार ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क करना था। इससे पहले विभाग द्वारा ट्रक, टैक्सी और ऑटो यूनियनों, स्कूली बसों के ड्राइवरों और आम लोगों को ट्रैफिक नियमों से जानकार करवाने के लिए जागरूकता सेमिनार करवाए गए हैं। इसके अलावा वाहन चालकों की आंखों की जांच के लिए आंखों के विशेषज्ञ डॉक्टरों के सहयोग से कैंप भी लगाए जा चुके हैं। इस मौके पर सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विशाल गोयल मौजूद रहे। बाइक रैली को रवाना करते आरटीओ अमनपाल सिंह व अन्य।
