पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं से महिला द्वारा नाबालिग भतीजियां बेचने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने ही उस पर अपने भाई की दो नाबालिग बेटियों को बेचने का आरोप लगाया और पुलिस को शिकायत दे दी। वहीं शिकायत कर्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जगराओं के रूमी गांव के गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके बड़े भाई व भाभी की मौत के बाद उसकी पत्नी उनकी तीन नाबालिग बेटियों को अपने साथ लेकर चले गई। उसने दो बेटियों को पैसे लेकर बेच दिया जबकि तीसरी बेटी को उसके पास से पंचायत ने मलेरकोटला जिले से बरामद किया है। भाई-भाई की मौत के बाद गुरप्रीत सिंह पाल रहा था तीनों बेटियां गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उसके भाई लखबीर सिंह और भाभी सुनीता रानी का कुछ समय पहले निधन हो गया था। उनकी तीन बेटियां हैं जिनकी उम्र 14, 16 और 17 वर्ष है। भाई व भाभी की मौत के बाद वो तीनों बच्चियों को अपने घर लाया और उनका पालन पोषण कर रहा था। पत्नी पर लगाए कुछ लोगों के साथ मिलकर साजिश करने का आरोप गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर साजिश रची। वह तीनों बच्चियों को अपने साथ लेकर चली गई। कुछ समय बाद गुरप्रीत को जानकारी मिली कि उनकी पत्नी ने दो बड़ी नाबालिग लड़कियों को कथित तौर पर पैसों के बदले अलग-अलग लोगों को बेच दिया है। तीसरी बेटी को मलेरकोटला से किया बरामद पीड़ित गुरप्रीत सिंह का कहना है कि वह लगातार थाने में शिकायत दे रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने बताया कि उसे सूचना मिली कि उसकी पत्नी मालेरकोटला जिले के गांव बिशनगढ़ बनियावाला में अपने एक साथी के साथ रह रही है। पंचायत सदस्यों और रिश्तेदारों के साथ गुरप्रीत वहां पहुंचे, जहां केवल सबसे छोटी बच्ची मिली, जिसे वह अपने साथ वापस ले आए। गुरप्रीत का दावा, लड़कियों को पैसे लेकर बेचा गुरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया है कि बाद में दो अलग-अलग लोगों ने उन्हें फोन कर नाबालिग लड़कियों से बात भी करवाई। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने पैसे देकर लड़कियों को खरीदा है, इसलिए अब उन्हें वापस नहीं किया जाएगा। गुरप्रीत ने इन कॉल करने वालों के मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंप दिए हैं। मजदूर किसान मोर्चा ने दिया थाने के घेराव का अल्टीमेटम मजदूर किसान मोर्चा के अध्यक्ष भरपूर सिंह छज्जावाल ने इस मामले को बेहद संवेदनशील बताते हुए कहा कि नाबालिग लड़कियों की खरीद-फरोख्त गंभीर अपराध है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की ढिलाई दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अन्य संगठनों के सहयोग से संबंधित थाने का घेराव किया जाएगा। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर रहे सदर थाना के एसएचओ सुरजीत सिंह ने बताया कि गुरप्रीत सिंह की शिकायत प्राप्त हो चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले की गहराई से जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई कर उनको गिरफ्तार कर नाबालिग लड़कियों को बरामद किया जाएगा।