जयपुर में टोल प्लाजा पर सेना के जवान और महिलाओं से मारपीट का मामला सामने आया है। टोल टैक्स मांगने पर सेना के जवान ने कार्ड दिखाया, लेकिन टोल कर्मचारियों ने कार्ड देखने से इनकार कर दिया। कार में मौजूद महिलाएं बचाव के लिए आई तो उनसे भी मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई और दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। मामला शनिवार शाम करीब 5 बजे चौमूं-चंदवाजी NH-48 स्थित कुशलपुरा-बांसा टोल प्लाजा का है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। वहीं टोल मैनेजर कर्मवीर का कहना है कि वाहन में मौजूद आईडी कार्ड दिखाने वाला व्यक्ति सेना का जवान नहीं था, कार्ड उनके परिजन का था। इसी बात को लेकर टोल बूथ और कर्मचारियों से विवाद हुआ था। बाद में समझा-बुझाकर मामले को शांत करवा दिया था। सबसे पहले देखिए टोल प्लाजा के 3 फोटो… जानकारी के अनुसार हरियाणा से कार सवार खाटू श्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे। चौमूं-चंदवाजी NH-48 स्थित कुशलपुरा-बांसा टोल प्लाजा पर कार सवार सेना के जवान ने अपनी पहचान के लिए आईडी कार्ड दिखाया। कर्मचारियों ने कार्ड देखने से इनकार करते हुए जवान के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई महिलाओं के साथ भी मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि टोल कर्मचारियों का रवैया ठीक नहीं था। उन्होंने महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि इस टोल प्लाजा पर अक्सर लड़ाई-झगड़े और अव्यवस्था की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मामले की सूचना पुलिस और संबंधित विभाग को दे दी गई है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी टोल कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजन का कार्ड दिखाने पर हुआ विवाद: मैनेजर
टोल मैनेजर कर्मवीर शर्मा ने बताया कि वाहन में मौजूद आईडी कार्ड दिखाने वाला व्यक्ति स्वयं जवान नहीं था, बल्कि कार्ड उनके परिजन का था। इसी बात को लेकर टोल बूथ और कर्मचारियों से विवाद हुआ था। बाद में समझा-बुझाकर मामले को शांत करवा दिया था। पुलिस पहुंची तब तक पीड़ित जा चुके थे
जाटावाली चौकी इंचार्ज बाबूलाल मीणा ने बताया- झगड़े की सूचना मिलने पर सामोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक पीड़ित पक्ष के लोग जा चुके थे। दोनों पक्षों की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है।
