पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत मिलने लगी है। क्योंकि तापमान बढ़ने लगा है। अगले सप्ताह तक शीतलहर चलने की संभावना भी नहीं है। मगर, 22 जनवरी तक सुबह और रात के समय घनी धुंध रहने का अनुमान जताया गया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब के 6 जिलों में घना कोहरा छाएगा। इसका असर जालंधर में देखने को मिला। यहां देर रात करीब 9 बजे ही घना कोहरा छा गया, जिससे विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई। इसी दौरान डीएवी कॉलेज के पास एक कार अनियंत्रित होकर गंदे नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। बता दें कि पिछले 24 घंटों में कोहरे के कारण हुए सड़क हादसों में गुजरात की लेडी कॉन्स्टेबल सहित छह लोगों की मौत हो चुकी है। इन हादसों को देखते हुए पुलिस महकमे ने लोगों को कोहरे में यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उधर, माैसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब यह सामान्य तापमान से 1.7 डिग्री अधिक हो गया है। श्री आनंदपुर साहिब में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर में 4.4 डिग्री दर्ज किया गया है। 19 से बारिश का दौर शुरू होगा
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों पर एक्टिव हो गया है। ऐसे में 19 तारीख को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है। 22 और 23 तारीख को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि इसके बाद 3 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, फिर आगे चलकर तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। 6 जिलों घना कोहरा छाएगा
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि मौसम ड्राई रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर ईरान के पास बना पश्चिमी विक्षोभ अब अफगानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान के इलाके में पहुंच गया है। यह समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर ऊपर हवा के घुमाव के रूप में मौजूद है। ऐसे में 19 और 21 जनवरी की रात को लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं। इससे इन इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कोहरे के कारण पंजाब में शनिवार को हुए सड़क हादसे… बठिंडा में डिवाइडर से टकराई फॉर्च्यूनर, लेडी कॉन्स्टेबल समेत 5 की मौत
बठिंडा में शनिवार को घनी धुंध के कारण फॉर्च्यूनर गाड़ी डिवाइडर से टक्करा गई। हादसे में महिला कॉन्स्टेबल सहित 5 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा बठिंडा के गांव गुड़तड़ी के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह गाड़ी के अंदर से मृतकों के शव बाहर निकाले। इनकी पहचान अर्जुन, सतीश, जनक, भारत और अमिता बेन के रूप में हुई है। ये सभी गुजरात के बनासकांठा के रहने वाले थे। सभी की उम्र 25 से 30 साल के बीच है। अनीता बेन महिला कॉन्स्टेबल बताई गई हैं। SP नरिंदर सिंह ने बताया कि सभी शिमला गए थे। लौटते वक्त बठिंडा में ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। इससे कार डिवाइडर से जा टकराई। गुरदासपुर में ट्रक से टकराई स्कूली वैन, 9 टीचर घायल
गुरदासपुर में शनिवार को कलानौर रोड पर गांव बिशनकोट के पास कोहरे के कारण स्कूल वैन और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में वैन में सवार 9 सरकारी टीचर घायल हो गई। हादसे के वक्त वैन में करीब 15 सरकारी टीचर सवार थे, जो पठानकोट से फतेहगढ़ चूड़ियां स्थित अपने-अपने स्कूलों में ड्यूटी पर जा रहे थे। घायल टीचरों में दीनानगर निवासी शैली सैनी, सरना निवासी अंजू, बब्बेहली निवासी प्रदीप कुमार और तारागढ़ निवासी मीनू सैनी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए गुरदासपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमृतसर में स्कूल वैन से टकराकर बाइक सवार की मौत
अमृतसर–पठानकोट हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा कथूनंगल से लगभग एक किलोमीटर आगे स्कूल वैन और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। थाना कथूनंगल की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही स्कूली वैन के कारण ये हादसा हुआ। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आने वाले तीन दिनों के मौसम का अनुमान…
