जालंधर| मॉडल टाउन में शातिर महिला चोरों के एक गिरोह ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है। रिद्धिमा कलेक्शन नामक कपड़ों के शोरूम में खरीदारी करने आई एक महिला के पर्स से दो शातिर महिलाओं ने 35 हजार रुपए चुरा लिए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, शोरूम में ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाते हुए दो महिलाएं दाखिल हुईं और काफी देर तक कपड़े देखने का नाटक करती रहीं। मौका पाते ही काउंटर के पास खड़ी महिला ग्राहक के पर्स में पैसे चुरा लिए। वारदात का पता तब चला जब पीड़ित महिला ने काउंटर पर पेमेंट करने के लिए पर्स खोला। शोरूम मालिक ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। थाना-6 की पुलिस ने सीसीटीवी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
