भास्कर न्यूज | जालंधर शहीद बाबू लाभ सिंह नगर (गली नंबर 6) स्थित बब्बर ज्वेलर्स में हुई चोरी के 12 दिन बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लगा। मामले को लेकर शनिवार को पूर्व पार्षद और पूर्व डायरेक्टर (पंजाब स्टेट सीड्स कॉर्प) जगदीश समराय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीपी धनप्रीत कौर से मुलाकात की। दुकान के मालिक सरदार गुरप्रीत सिंह (सोनू बब्बर) ने पुलिस कमिश्नर को सीसीटीवी कैमरे में कैद चोरों की तस्वीरें भी दिखाईं। उन्होंने मांग की कि मामले को सुलझाने के लिए विशेष टीमें लगाई जाएं। इस पर कमिश्नर ने एडीसीपी हरिंदर सिंह गिल, एसीपी आतिश भाटिया और एसएचओ जय इंद्र सिंह (बस्ती बावा खेल) को जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं। उधर, जगदीश समराय ने इलाके में बढ़ती असुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वर्कशॉप चौक से शिव नगर तक रात को पुलिस पेट्रोलिंग जरूर की जाए। उन्होंने बताया कि इस बेल्ट में चोरी और झपटमारी की वारदातें बढ़ रही हैं। वहीं, सीपी ने गुलाब देवी अस्पताल पर दो स्थानों पर पक्के नाके लगाने और पीसीआर पेट्रोलिंग बढ़ाने के आदेश दिए। इस मौके पर आप की सीनियर नेता हरमिंदर कौर, वार्ड इंचार्ज आशा रानी समराय, जगीरा सिंह और साहिब सिंह बब्बर आदि मौजूद रहे।
