जालंधर |इकबाल सिंह की शिकायत पर दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता एवं विधायक आतिशी के एक वीडियो को तोड़-मरोड़ कर तथा तकनीकी रूप से बदलकर गलत ढंग से अपलोड एवं प्रसारित करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। यह जानकारी जालंधर पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता ने दी। उल्लेखनीय है कि आतिशी को गुरुओं के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणियां करते हुए दिखाते हुए भड़काऊ सुर्खियों के साथ एक छोटी वीडियो क्लिप वाली कई पोस्टें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर अपलोड/प्रसारित की गई हैं। प्रवक्ता ने बताया कि आतिशी की ऑडियो वाली यह वीडियो क्लिप कपिल मिश्रा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से डाउनलोड कर फॉरेंसिक जांच हेतु एसएएस नगर को भेजी गई थी। जांच में सामने आया है कि आतिशी ने ऑडियो में कहीं भी गुरु शब्द नहीं बोला। इधर पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि कपिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर संभवतः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर करवाई गई है।