जालंधर| भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के नेताओं ने संगठन के भीतर चल रहे विवादों पर स्थिति साफ की। संगठन के राज्य सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जसवीर सिंह सिद्धूपुर ने कहा कि उनके चाचा स्व. पिशौरा सिंह सिद्धूपुर ने परिवारवाद को दरकिनार कर संगठन की बागडोर काबिलियत के आधार पर जगजीत सिंह डल्लेवाल को सौंपी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संगठन लोकतांत्रिक ढांचे पर ही चलता है। जसवीर सिंह ने कहा कि कल हुई अवैध मीटिंग और एक बाहरी राजनीतिक व्यक्ति को कन्वीनर बनाना संगठन के नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने साफ किया कि डल्लेवाल के बाद भी अगला अध्यक्ष कोई पारिवारिक सदस्य नहीं, बल्कि संगठन का समर्पित कार्यकर्ता ही होगा। फंड के आरोपों पर स्टेट फाइनेंस सेक्रेटरी मान सिंह राजपुरा ने कहा कि पूरा फंड संघर्षों और कार्यक्रमों पर खर्च होता है। इस मौके पर पंजाब के सभी जिलों के अध्यक्षों ने डल्लेवाल के नेतृत्व में एकजुटता दिखाई।
