जयपुर में 15 जनवरी को आयोजित होने वाली आर्मी डे परेड और उसकी रिहर्सल देखने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से एंट्री मिलेगी। इसके लिए मंगलवार शाम से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। कोई भी व्यक्ति sso.rajasthan.gov.in वेबसाइट पर जाकर SSO ID से लॉगिन कर सकता है। लॉगिन के बाद सिटिजन ऐप लिंक में जाकर ‘Army Day Parade Registration’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। यहां केवल दो कॉलम भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा किया जा सकता है। एक व्यक्ति अधिकतम दो रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। इसके अलावा ई-मित्र केंद्र के जरिए भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जगतपुरा स्थित महल रोड पर 9, 11, 13 को फुल ड्रेस रिहर्सल और 15 जनवरी को आर्मी डे परेड होगी। रजिस्ट्रेशन के बाद मिलेगी पूरी जानकारी
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आवेदक को मोबाइल पर मैसेज प्राप्त होगा। इस संदेश के जरिए जरूरी दिशा-निर्देश पढ़े जा सकेंगे। साथ ही रूट मैप और पार्किंग मैप भी ऑनलाइन देखे जा सकेंगे, जिससे परेड स्थल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो। 14 जनवरी तक खुला रहेगा रजिस्ट्रेशन
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की यह सुविधा 6 जनवरी की शाम से शुरू होकर 14 जनवरी तक जारी रहेगी। रजिस्ट्रेशन के दौरान आवेदक यह भी चुन सकता है कि वह 9, 11, 13 या 15 जनवरी में से किस दिन की परेड देखना चाहता है। परेड देखने आने वाले लोगों को सुबह 8:45 बजे तक परेड स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परेड समाप्त होने से पहले किसी को भी स्थान छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परेड के दौरान सख्त अनुशासन और सुरक्षा नियम
सेना की ओर से आमजन से अपील की गई है कि परेड के दौरान अनुशासन बनाए रखें। सुरक्षा कारणों से ड्रोन, कैमरा, लेडीज पर्स, ज्वलनशील पदार्थ, पाउडर, बैग, किसी भी तरह की नुकीली वस्तु या आपत्तिजनक सामग्री के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी विजिटर्स को सुरक्षा जांच के बाद ही परेड स्थल में प्रवेश दिया जाएगा। 8 जनवरी को ‘Know Your Army’ कार्यक्रम
आर्मी डे से जुड़े कार्यक्रमों की कड़ी में 8 जनवरी को भवानी निकेतन संस्थान में ‘Know Your Army’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इसमें सेना के नवीनतम सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा और लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी देखने को मिलेगा। एसएमएस स्टेडियम में दो दिन होगी शौर्य संध्या
10 और 15 जनवरी को एसएमएस स्टेडियम में शौर्य संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें सेना से जुड़े जवानों, पूर्व सैनिकों, सम्मानित सैनिकों और उनके परिजनों के साथ-साथ सेना की विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भी शामिल किया जाएगा। शौर्य संध्या के जरिए युवाओं को सेना के प्रति प्रेरित करने और सैन्य परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। आर्मी डे परेड और उससे जुड़े कार्यक्रमों के जरिए जयपुर में पहली बार आमजन को सेना की ताकत, तकनीक और अनुशासन को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। पहली बार सैन्य छावनी के बाहर हो रहा है आर्मी डे परेड
जयपुर में पहली बार आर्मी डे परेड सैन्य छावनी की सीमाओं से बाहर आयोजित की जा रही है। 15 जनवरी को मुख्य परेड महल रोड (जगतपुरा) पर होगी। इससे पहले 9, 11 और 13 जनवरी को सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक इसकी रिहर्सल आयोजित की जाएगी। इसे आम लोग भी देख सकेंगे। हर रिहर्सल और मुख्य आयोजन में करीब डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आर्मी डे परेड की तैयारियों के तहत 1 जनवरी से महल रोड पर प्रैक्टिस शुरू हो चुकी है, जो आयोजन दिवस तक चलेगी। इस दौरान सुबह 5 से दोपहर 1 बजे तक एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पीटल चौराहा महल रोड (जगतपुरा) तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। आम विजिटर्स के बैठने की व्यवस्था
9, 11, 13 जनवरी और 15 जनवरी को सुबह 6 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक आम विजिटर्स को एंट्री मिलेगी। विजिटर्स के बैठने की व्यवस्था अक्षयपात्र मंदिर के सामने की गई है। ऐसे में इस ओर आने के लिए विजिटर्स डी-मार्ट सर्किल की तरफ से महावीर मार्ग व केंद्रीय विहार मार्ग की तरफ से आ सकेंगे। आर्मी डे परेड के पूर्वाभ्यास, तैयारियों एवं प्रदर्शन को देखते हुए सुबह 5 से दोपहर 1 बजे तक एनआरआई चौराहा से बॉम्बे हॉस्पीटल चौराहा तक महल रोड (जगतपुरा) पर सामान्य यातायात का संचालन बंद किया गया है।