राजस्थान के 3 कांग्रेस सांसदों के हरियाणा में MP फंड से विकास कार्य करवाने की सिफारिश पर विवाद हो गया है। झुंझुनूं सांसद बृजेंद्र ओला, चूरू सांसद राहुल कस्वां और भरतपुर सांसद संजना जाटव ने एमपी फंड से हरियाणा के कैथल क्षेत्र में विकास कार्यों की सिफारिश की। बीजेपी आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने इसे राजस्थान की जनता के साथ धोखा बताते हुए तल्ख कमेंट किए हैं। अमित मालवीय ने एमपी फंड से विकास कार्यों की सिफारिश से जुड़े आंकड़े और ब्योरा शेयर करते हुए X पर लिखा- कांग्रेस से बड़ी कोई धोखेबाज पार्टी नहीं हो सकती। इस बार राजस्थान के लोग निशाने पर हैं। राजस्थान के करदाताओं के पैसे का खुला दुरुपयोग करते हुए कांग्रेस के तीन सांसद- संजना जाटव (भरतपुर), राहुल कस्वां (चूरू) और बृजेंद्र सिंह ओला (झुंझुनूं) ने अपने एमपीएलएडी फंड हरियाणा के कैथल विधानसभा क्षेत्र में खर्च करने की सिफारिश की है, जो कि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के बेटे का निर्वाचन क्षेत्र है। यह सब केवल पिछले 3-4 महीनों में हुआ है। 3 सासंदों ने 1 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य की सिफारिश की
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला हरियाणा की कैथल विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। इस इलाके में राजस्थान के सांसदों के सांसद फंड( एमपीलैड) से विकास कार्यों की सिफारिश की गई है। राहुल कस्वां ने 50 लाख के 7 कार्यों की सिफारिश की है। बृजेंद्र ओला ने 24.71 लाख के 4 कार्यों की और संजना जाटव ने 45.55 लाख के 6 कामों की सिफारिश की है। सांसद साल में एक बार देश में कहीं भी 50 लाख तक के काम की सिफारिश कर सकते हैं
एमपीलैड की गाइडलाइन के अनुसार लोकसभा सांसद देश के किसी भी इलाके में साल में एक बार 50 लाख तक के विकास कार्यों की सिफारिश कर सकता है। एमपीलैड के तहत अभी सालाना 5 करोड़ रुपए के विकास काम करवाए जा सकते हैं। एमपीलैड की गाइडलाइन के हिसाब से ही पैसा रिलीज होता है। गाइडलाइन के खिलाफ होने पर सांसद की सिफारिश रद्द भी हो सकती है। अपने निर्वाचन क्षेत्र के बाहर लोकसभा सांसद सालाना 50 लाख के काम करवाने की सिफारिश कर सकते हैं। राज्यसभा सांसद के लिए कोई सीमा नहीं है, वे देश भर में कहीं भी विकास कार्यों की सिफारिश कर सकते हैं।
