जालंधर | पीसीएमएसडी कॉलेज फॉर विमेन की लाइब्रेरी एडवाइजरी कमेटी द्वारा पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने तथा अकादमिक विकास में पुस्तकालयों के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान की लाइब्रेरियन सोनिया कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुस्तकालयों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान और आजीवन सीखने की प्रक्रिया में पुस्तकालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डॉ. एसआर रंगनाथन द्वारा प्रतिपादित पुस्तकालय विज्ञान के पांच नियमों पर एक विशेष सत्र भी आयोजित किया, जिन्हें आधुनिक पुस्तकालय सेवाओं की नींव माना जाता है। उन्होंने बताया कि ये नियम पुस्तकालय प्रबंधन, उपयोगकर्ता सेवाओं तथा पुस्तकालय संसाधनों के निरंतर विकास में किस प्रकार मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। इस अवसर पर कॉलेज के अध्यक्ष नरेश बुधिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद दादा, प्रबंध समिति के अन्य सदस्य एवं प्राचार्या डॉ. पूजा पराशर ने लाइब्रेरी एडवाइजरी कमेटी के समर्पित प्रयासों की सराहना की तथा छात्रों को पढ़ने की गतिविधियों से जोड़ने के लिए की गई पहलों की प्रशंसा की।
