राजस्थान में 31 दिसंबर को न्यू ईयर सेलिब्रेशन करने वाले लोगों के प्रोग्राम में खलल पड़ सकता है। उत्तर भारत में सक्रिय होते एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण इस दिन राजस्थान में बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। 11 जिलों में बारिश हो सकती है। इसके साथ 1 जनवरी को भी राज्य में घना कोहरा पड़ने की संभावना है। मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- एक स्ट्रॉन्ग सिस्टम (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से 31 दिसंबर को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर संभाग के अलावा शेखावाटी एरिया के जिलों के कुछ भागों में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 1 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की बारिश की गतिविधियां होने की संभावना है। एक जनवरी की शाम से से ही प्रदेश में घना कोहरा पड़ने और अगले कुछ दिन कोहरा रहने के साथ सर्द हवा चलने की संभावना है। कोहरे, बादल से धूप कमजोर पिछले 24 घंटे में राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सोमवार को घना कोहरा रहा, जिससे कई जिलों में धूप कमजोर रही और दिन के अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट हुई। अलवर, हनुमानगढ़, करौली में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। सबसे ठंडा दिन करौली में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।