भास्कर न्यूज |लुधियाना कैलाश नगर रोड पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को स्विफ्ट डिजायर कार में सवार बदमाशों ने 26 दिसंबर की देर रात लूट लिया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि यही गिरोह लुधियाना आने से पहले फगवाड़ा में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को भी इसी तरीके से लूट चुका है। इसके बाद बदमाश लुधियाना पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस लूट को कपूरथला और जालंधर में हाल ही में हुई एटीएम लूट की घटनाओं से जोड़ते हुए एक संगठित गिरोह की आशंका जताई है। जांच में सामने आया कि आरोपी गैस कटर की मदद से असुरक्षित और निगरानी रहित एटीएम बूथ को निशाना बनाते हैं और वारदात के बाद सफेद स्विफ्ट कार में फरार हो जाते हैं। शनिवार तड़के कैलाश नगर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ में तीन से चार अज्ञात बदमाश घुसे। ताला खुला होने और बूथ में सीसीटीवी कैमरा न होने का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने गैस कटर से मशीन की कैश ट्रे काटकर निकाल ली। वारदात के बाद बदमाश तरनतारन की ओर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि करीब 10 दिन पहले जालंधर में हुई एटीएम चोरी भी इसी पैटर्न से मिलती-जुलती है। इससे आशंका और गहराई कि पंजाब के विभिन्न जिलों में हो रही एटीएम लूट की वारदातों के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस गिरोह के जेल कनेक्शन की भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात में हाल ही में जेल से रिहा हुए कैदी शामिल हो सकते हैं। जोधेवाल थाना एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि एटीएम मशीन में कितने रुपये थे। इसकी जानकारी अभी बैंक की तरफ से नहीं दी गई। बाकी सीसीटीवी वीडियो के जरिये पुलिस की टीम तरनतारन से होते हुए अमृतसर पहुंच गई। लेकिन अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
