पाली में युवक ने ससुराल में जाकर सास-ससुर और पत्नी पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पत्नी के पीहर से नहीं आने से नाराज था। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि आरोपी बाइक से हेलमेट लगाकर जैकेट में तलवार छिपाकर पहुंचा। पत्नी को देखते ही तलवार लेकर दौड़ा लिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए सास-ससुर पर भी हमला कर दिया। एक ही वार में ससुर अचेत होकर जमीन पर गिर गए। जबकि मां-बेटी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागती रहीं। आरोपी दामाद मोहल्ले में 30 मिनट तक तलवार लहराते हुए हंगामा करता रहा। जो बीच-बचाव करने आया उसे दौड़ा लिया। इसके बाद फरार हो गया। मोहल्ले वालों ने तीनों घायलों को बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से ससुर और सास को जोधपुर रेफर कर दिया। फिलहाल ससुर वेंटिलेटर पर है। घटना शहर के रामदेव रोड स्थित महात्मा गांधी काॅलोनी में शुक्रवार शाम 6 बजे की है। मामले में पाली सीओ सिटी मदन सिंह का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए नाकाबंदी करवाई गई है। टोल नाके के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। फोटो में देखिए कैसे आरोपी दामाद ने एक-एक कर तीनों पर हमला किया… 4 महीने से पत्नी पीहर में थी, इसी बात से था नाराज जानकारी के अनुसार महात्मागांधी कॉलोनी निवासी जगदीश जोशी (55) ने 8 साल पहले अपनी बेटी आशा की शादी रैन मेड़ता सिटी निवासी अजय जोशी से की थी। अजय जोधपुर में इलेक्ट्रीशियन का काम करता है। अजय और आशा के बीच 4 महीने में मनमुटाव चल रहा था। आशा अपने तीन बच्चों के साथ तभी से पीहर में ही रह रही थी। अजय बार-बार ससुरालवालों को आशा काे भेजने के लिए कह रहा था, लेकिन वह नहीं मान रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी बात से अजय ससुरालवालों से नाराज चल रहा था। तलवार लेकर पीछे दौड़ा
जानकारी के अनुसार अजय की सास और पत्नी शाम को मोहल्ले में बैठी थीं। इसी दौरान अजय बाइक से हेलमेट लगाकर अपनी जैकेट में तलवार छिपाकर पहुंचा। जैसे ही उसने पत्नी आशा को देखा तो वह तलवार लहराते हुए उसके पीछे दौड़ पड़ा। अजय से बचने के लिए आशा अपने घर में घुस गई। इस पर सास ने घर के बाहर जब अजय को रोकने की कोशिश की तो उसने अपनी सास के पैर और हाथ पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ये देख बेटी अपनी मां को बचाने आई तो अजय दोनों पर तलवार से हमला करने लगा। पास में खड़े जगदीश जोशी अपनी पत्नी और बेटी को बचाने के लिए दौड़कर पहुंचे। आरोपी अजय ने जगदीश के सिर पर भी तलवार से हमला कर दिया। एक वार में ही जगदीश जमीन पर गिर गए। जगदीश जोशी की बहू काजल ने बताया कि मेरा सिरदर्द हो रहा था, मैं घर में सो रही थी। शोर मचने पर बाहर आकर देखा तो तभी मेरा ननदोई मेरी सास-ससुर और ननद पर तलवार से हमला कर रहा था। मैं बीच-बचाव करने गई तो मुझे भी नीचे गिरा दिया। खून से सनी तलवार लेकर मोहल्ले में किया हंगामा, लोग बचते नजर आए
इस हमले के दौरान अजय ने मोहल्ले में भी जमकर हंगामा किया। वह खून से सनी तलवार लेकर मोहल्ले में दौड़ता रहा। जो भी बीच-बचाव करने आता उसे डराकर भगा देता। अजय को तलवार के साथ देख मोहल्ले के लोग भी इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर बार वह खून से सनी तलवार लेकर फरार हो गया। इसके बाद मोहल्ले के लोग मां-बाप और बेटी को लेकर बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। सिर में तलवार लगने से जगदीश जोशी गंभीर घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि वे वेंटिलेटर पर हैं। जबकि दुर्गा जोशी के हाथ और पैर में तलवार से कई जगह गंभीर चोट आई है।
