एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) चूरू ने बुधवार देर रात एनएच 58 पर शोभासर पुलिया के पास ढाबे की आड़ में चलाई जा रही नकली घी बनाने की फैक्ट्री का खुलासा किया। हालांकि आरोपी मौके से भाग गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से तैयार किया गया 7500 लीटर नकली घी बरामद किया। इसके साथ ही 36 ड्रम में भरा 7200 लीटर केमिकल, वजन करने की मशीनें, कैमिकल आदि को मिक्स करने की मशीन व टीन शैड के 414 डिब्बे जब्त किए। खाद्य सुरक्षा व स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संदिग्ध खाद्य पदार्थ के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा। अन्य सामग्री को टीम ने जब्त कर सील कर दिया। टीम प्रभारी आईपीएस पाटिल ने बताया कि शोभासर पुलिया के पास ढाबा परिसर में करीब 5-6 कमरे बने हुए थे। कमरों के सामने ड्रम पड़े थे। मौके से नकली घी बनाने वाले वाशिंग पाउडर टाइप के 200 लीटर केमिकल भरे 18 ड्रम, गुड़ टाइप के 200 लीटर कैमिकल भरे 18 ड्रम, घी की पैकिंग के लिए रखे टीन शैड के 414 डिब्बे मिले। तैयार किया हुआ 7500 लीटर नकली घी सहित कई मशीनें जब्त की गई।