पाली में 118 किलो डोडा-पोस्त से भरी कार लेकर जा रहे तस्कर को पकड़ने के बाद 2 लाख रुपए में डील कर उसे छोड़ने के चारों आरोपी पुलिसकर्मियों को पद से बर्खास्त कर दिया गया है। एसपी आदर्श सिधु की ओर से बुधवार को आदेश जारी किए गए। एसपी का कहना है कि अपराधियों से मिलीभगत करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। चारों पुलिसकर्मी राजकार्य से पाली आए थे, बीच में गाड़ी रुकवाई
18 दिसम्बर को देसूरी थाने के हेड कॉन्स्टेबल सोहनलाल (691), कॉन्स्टेबल बंशीलाल (470) सादड़ी थाने के हेड कॉन्स्टेबल रामकेश (912) और कॉन्स्टेबल नच्छुराम (152) राजकार्य से पाली आए थे, उसी दिन वापस जाते समय बूसी- सोमेसर के बीच उन्होंने डोडा- पोस्त से भरी कार को रूकवाया। लेकिन कार्रवाई करने और उच्चाधिकारियों को बताने की बजाय 2 लाख रुपए की डील कर तस्कर को छोड़ दिया। हालांकि नाकाबंदी के दौरान कुछ देर बाद सदर थाना पुलिस ने पाली के पणिहारी चौराहे पर डोडा-पोस्त से भरी गाड़ी को पकड़ लिया था। तीसरे थाने की पुलिस ने पकड़ा तो तस्कर बोला- अभी तो डील हुई है
पकड़े गए तस्कर जोधपुर निवासी धीरेन्द्र ने सदर थानाप्रभारी को बताया कि कुछ देर पहले ही उसने पुलिसकर्मियों से 2 लाख की डील की है, इसके बाद उसे छोड़ा गया है। यह जानकारी सदर थाना पुलिस ने एसपी आदर्श सिधु को दी। इसके बाद मामले में एसपी की ओर से जांच के निर्देश दिए गए थे। जांच के बाद सस्पेंड, फिर सेवा से बर्खास्त किया
एसपी ने जांच के बाद चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की कार्रवाई की। साथ ही आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सदर थाने में मामला भी दर्ज करवाया। अब चारों पुलिसकर्मियों को राजकीय सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई की गई है। आदेश के बाद देसूरी थाने के हेड कॉन्स्टेबल सोहनलाल (691), कॉन्स्टेबल बंशीलाल (470) सादड़ी थाने के हेड कॉन्स्टेबल रामकेश (912) और कॉन्स्टेबल नच्छुराम (152) को बुधवार को बर्खास्त कर दिया गया। पाली में डील हुई, जोधपुर में परिचित को दिलवाई रकम
कार में पकड़े गए ड्राइवर धीरेंद्र के मोबाइल से पुलिसकर्मियों ने तस्कर भंवर खिलेरी से संपर्क किया। बातचीत में 2 लाख रुपए में मामला निपटाने की डील तय हुई। भंवर ने पैसे जुटाने के लिए समय मांगा तो पुलिसकर्मियों ने जोधपुर में ही रुपए दिलाने को कहा। इसके बाद भदवासिया पुलिया के पास श्रीराम हॉस्पिटल के नजदीक एक बेयरिंग की दुकान पर पुलिसकर्मियों के परिचित को 2 लाख रुपए दिलवाए गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तस्कर को छोड़ दिया। संबंधित ये खबरें भी पढ़ें … पाली में चार पुलिसकर्मी निलंबित: ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एसपी ने जारी किए आदेश; तस्कर को फायदा पहुंचाने का आरोप पाली में ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार: कार में छुपाकर ले जा रहा था, 118 किलो डोडा पोस्त जब्त
