टोंक| डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेदिक राजस्थान यूनिवर्सिटी के अधीन संचालित यूनानी मेडिकल कॉलेज कॉलेज ऑफ यूनानी द्वारा राजकीय कन्या महाविद्यालय, टोंक में पॉलीसिस्टिक ओवेरियन डिजीज (पीसीओडी) पर जागरूकता एवं निशुल्क स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और युवतियों में पीसीओडी की समय पर पहचान, रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में राजकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुलोचना मीणा ने ऐसे जागरुकता कार्यक्रमों की आवश्यकता बताते हुए इसकी सराहना की। मुख्य वक्ता डा. नाजिया शमशाद ने पीसीओडी के कारणों, लक्षणों, हार्मोनल असंतुलन, सही आहार-विहार, व्यायाम और समय पर उपचार की महत्ता पर के बारे में जानकारी दी। उनसे छात्राओं ने कई जानकारियां भी साझा की। इस मौके पर 105 छात्राओं की निशुल्क स्क्रीनिंग की गई और आवश्यकतानुसार परामर्श प्रदान किया गया। शिविर का समन्वय डॉ. सरफराज अहमद एवं डा. जिशान अली ने किया तथा सह-संयोजक डॉ. अमजद सैफी एवं डॉ. आयशा परवेज ने महत्वपूर्ण सहयोग किया। डॉ. राखी सिंह और डॉ. पियूष पारीक भी मौजूद रही। यूनानी चिकित्सालय के नर्सिंग स्टाफ ने भी सहयोग किया। कई छात्राओं ने बताया कि पीसीओडी के बारे में उनको पहले अधिक जानकारी नहीं थी। लेकिन डॉ. नाजिया शमशाद ने उनको बेहतर तरीके से समझाया। छात्राओं ने इस कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों की जरूरत भी बताई। इस मौके पर यूनानी कॉलेज की तृतीय वर्ष की छात्राएं भी मौजूद रही। उन्होंने भी इस कार्यक्रम के माध्यम से कई ज्ञानवर्धक जानकारियां हासिल की। डॉ. नाजिया शमशाद ने बताया कि इस प्रकार के निशुल्क शिविर एवं कार्यक्रम के आयोजन समय-समय पर मेडिकल कॉलेज एवं यूनानी चिकिल्सालय की ओर से आगे भी किए जाते रहेंगे। जिससे जीवनशैली में सुधार एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता उत्पन्न हो।