राजस्थान-गुजरात सीमा क्षेत्र में पेट्रोल की तस्करी थमने के बजाय बढ़ रही है। गुजरात के झालोद क्षेत्र में पम्पों से पेट्रोल को नियम विरुद्ध ड्रमों-बोतलों में भरा जा रहा है। ये ड्रम बेरोकटोक राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में आ रहे हैं। यहां हाईवे किनारे दुकानों पर पेट्रोल बोतलों-पीपियों में भरकर खुला बेचा जा रहा है। दोनों ही राज्यों में पुलिस चौकियों के सामने भी रोजाना पेट्रोल की अवैध मंडियां सज रही हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। दरअसल, राजस्थान में पेट्रोल 106.21 रुपए जबकि गुजरात में 95.70 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। यानी राजस्थान के मुकाबले 10.51 रुपए सस्ता है। इसीलिए बांसवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों ने इसे कमाई का अवैध जरिया बना लिया है। भास्कर ने पड़ताल की तो बॉर्डर की 18 किमी राजस्थान सीमा में एनएच-56 पर मोनाडूंगर, गमाड़ा, झेरचौकी, मालमउड़ी, खुंदनीहाला, आमलीपाड़ा व गुजरात के धावड़िया में करीब 90 दुकानों-गुमटियों पर पेट्रोल बिकता दिखा। कारण यह है, जो बोर्ड पर लिखा है झालोद में मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पम्प के बाहर लगा बोर्ड। लिखा है- राजस्थान से सस्ता पेट्रोल। इधर, एक किराना दुकान पर पेट्रोल बेच रही महिला ने बताया- इस पेट्रोल पम्प से 1000 रुपए में 10 लीटर पेट्रोल लाती हूं। यह दिनभर में बिक जाता है। एक अन्य दुकानदार ने बताया, रोज सुबह बेटा बाइक पर दो गेलन लेकर झालोद जाता और पेट्रोल भरवाकर लाता है। दूर-दूर तक पम्प नहीं है इसलिए दिनभर में बिक जाता है। दोनों राज्यों में पुलिस के सामने बिक्री गुजरात की पहली पुलिस चौकी धावड़िया। यहां आसपास की दुकानों के बाहर ड्रमों-बोतलों की पेट्रोल मंडी सजी थी। इससे पहले बांसवाड़ा जिले में राजस्थान की अंतिम चौकी मोनाडूंगर व अनास के आसपास भी पेट्रोल बिक रहा था। बांसवाड़ा जिला पेट्रोल संघ के अध्यक्ष हरीश कलाल कहते हैं, सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, हादसों का भी खतरा रहता है। सरकार टैक्स कम कर तस्करी पर लगाम कसे। पेट्रोल पम्प के सामने खुली बिक्री बॉर्डर क्षेत्र में पेट्रोल पम्पों के सामने भी दुकानों पर पेट्रोल बिक रहा था। एक पेट्रोल पंप के चेतनभाई ने बताया, मैं 2006 से यहां काम कर रहा हूं। 2012-13 तक तो एक दिन में एक टैंकर खाली होता था। अब महीनेभर में भी मुश्किल से खाली होता है। एक दिन में 150-160 लीटर पेट्रोल बिक जाए तो बड़ी बात है। मोनाडूंगर में श्री श्याम पेट्रोल पंप संचालक कन्हैयालाल ने बताया, दिनभर में 200 लीटर भी नहीं बेच पा रहे। झालोद पम्प: सीधे ड्रमों में भर रहे गुजरात के झालोद में माजरा चौंकाने वाला था। वहां पेट्रोल पम्प पर एक वैन आकर रुकी। ड्राइवर ने डिक्की खोली तो उसमें 5 गैलन रखे थे। पम्पकर्मी ने तुरन्त नोजल लगाया और ड्रमों में पेट्रोल भरने लगा। यहां लोग बेरोकटोक गैलन और बोतलों में पेट्रोल भरवा रहे थे। पम्प के बाहर लिखा था- राजस्थान से सस्ता डीजल यहां मिलता है। झालोद के पम्पों पर ज्यादातर राजस्थान पासिंग की कारें, डंपर और बाइक नजर आईं।
