भास्कर न्यूज | बाड़मेर शहर के मोक्ष मार्ग स्थित चिंदरियों की जाल से सदर बाजार स्थित हनुमान मंदिर तक सड़क पर दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है। इसके अलावा वन-वे मार्ग में भारी वाहनों की आवाजाही के चलते सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बन जाती है। जाम को नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह बदहाल यातायात व्यवस्था का सबसे शर्मनाक दृश्य उस समय सामने आया, जब शव ले जाने में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। करीब 11 बजे जवाहर चौक से पानी का ट्रैक्टर पुरानी सब्जी मंडी की ओर अंदर घुस गया। इसी दौरान ईलोजी प्रतिमा के पास पुरानी सब्जी मंडी की ओर से शव यात्रा का वाहन सामने आ गया। दोनों वाहन आमने-सामने आ जाने से जाम लग गया। करीब 5 से 10 मिनट की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को वापस जवाहर चौक की ओर निकलवाया। इस दौरान न केवल शव यात्रा रुकी रही, बल्कि जिम्मेदारों की लापरवाही भी सामने आई। मौके पर कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। घटना के बाद लोगों ने बदहाल यातायात व्यवस्था पर आक्रोश जताते हुए अतिक्रमण हटाने तथा वन-वे नियमों की सख्ती से पालना करवाने की मांग की है। साथ ही लोगों ने जवाहर चौ​क, ईलोजी प्रतिमा के पास व हनुमान मंदिर के आगे यातायात कर्मी लगाने की मांग के साथ सड़क पर खड़े वाहनों को सही रखवाने व ठेलों को सड़क किनारे खड़े करवाने की मांग की। उन्होंने पानी सप्लाई के लिए आने वाले वाहनों का समय निर्धारित करने की मांग की।