भास्कर न्यूज | अमृतसर जिला परिषद व ब्लॉक समिति चुनावों को लेकर अमृतसर शहरी क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनावों में बड़े स्तर पर धांधली कर सत्ता पक्ष के प्रत्याशियों को विजयी घोषित किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के इशारे पर चुनाव अधिकारियों ने निष्पक्षता को ताक पर रखकर चुनाव परिणाम प्रभावित किए। भाजपा जिला कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में आयोजित प्रैस कांफ्रेंस के अमृतसर उत्तरी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले नार्थ पंचायत मंडल के मंडल अध्यक्ष सुखदेव सिंह हनेरियां ने बताया कि ब्लॉक वेरका के नौशहरा ब्लॉक की भाजपा प्रत्याशी अर्पिता कौर और उनके काउंटिंग एजेंटों ने चुनाव आयोग से परिणाम रद्द करने और दोबारा मतगणना (रीकाउंटिंग) कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वोटों की गिनती के दौरान भाजपा प्रत्याशी और उनके काउंटिंग एजेंटों को जानबूझकर दूर रखा गया और उनकी अनुपस्थिति में मतगणना पूरी कर दी गई।
