लुधियाना | बस्ती जोधेवाल चौक पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग लोग कर रहे थे। जिसे देखते हुए मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, लुधियाना ईस्ट से विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, लुधियाना सेंट्रल से विधायक अशोक पराशर पप्पी और लुधियाना नॉर्थ के एमएल मदन लाल बग्गा के प्रतिनिधि पार्षद अमन बग्गा ने मंगलवार को बस्ती जोधेवाल चौक पर ऑटोमेटेड ट्रैफिक लाइट का उद्घाटन किया। दावा किया गया कि बस्ती जोधेवाल चौक शहर के सबसे व्यस्त चौकों में से एक है। सेंसर वाली ट्रैफिक लाइट लगने से लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। गौर होकि नगर निगम लगभग 7.11 करोड़ रुपए की लागत से शहर में 42 जगहों पर ऑटोमेटेड ट्रैफिक लाइटें लगा रहा है। ताजपुर रोड चौक, टिब्बा रोड में भी लाइटें लगाई जानी हैं। लेकिन देर शाम भास्कर ने रियल्टी चेक की तो लाइटें बंद मिलीं और भीषण जाम लगा हुआ था। जिससे वाहन चालक परेशान थे। वहां मौजूद पुलिस कर्मी ने बताया कि सुबह 11 बजे लाइटें लाइटें शुरु की गईं थीं। दोपहर को जैसे ही भीड़ बढ़ी और लाइटों का समय ज्यादा था। ट्रैफिक मैनेज नहीं होने के चलते शाम को लाइटें बंद करनी पड़ीं। देर शाम चार से पांच पुलिस कर्मी पहुंचे और यातायात का संचालन सुचारु रुप से करवाया। मंगलवार को मेयर इंदरजीत कौर ने कहा कि बस्ती जोधेवाल चौक को अपग्रेड करने की बहुत ज़रूरत थी, लेकिन पिछली सरकारों ने इसे नजरंदाज किया।
