भास्कर न्यूज |लुधियाना चैंबर ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल अंडरटेकिंग्स (सीआईसीयू) ने पंजाब सरकार की जापान और दक्षिण कोरिया की सफल आधिकारिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल राज्य में विदेशी निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को गति देने में मील का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान के नेतृत्व में उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव, सचिव उद्योग, सीईओ इन्वेस्ट पंजाब और पंजाब डेवलपमेंट कमीशन (पीडीसी) की चेयरपर्सन के साथ गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब को एक प्रगतिशील, निवेशक–हितैषी और वैश्विक प्रतिस्पर्धी राज्य के रूप में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इस यात्रा से जापान और कोरिया की प्रमुख कंपनियों में पंजाब में निवेश को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है। सीआईसीयू ने कहा कि पंजाब का औद्योगिक ढांचा मुख्य रूप से माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (एमएसएमई) पर आधारित है। ऐसे में यामाहा मोटर, फुजित्सु, तोराय, टोप्पन, होंडा मोटर्स और दाइची स्टील जैसी जापानी कंपनियों की रुचि उत्साहजनक है। प्रस्तावित निवेश इलेक्ट्रिक व्हीकल, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्किल डेवलपमेंट, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और आईटी जैसे क्षेत्रों में हैं, जो पंजाब के दीर्घकालिक औद्योगिक लक्ष्यों से मेल खाते हैं। दक्षिण कोरिया की कंपनियों ने भी सकारात्मक संकेत दिए हैं। सीआईसीयू अध्यक्ष उपकार सिंह आहूजा ने कहा कि यह दौरा पंजाब के औद्योगिक भविष्य की दिशा बदलने वाला है। सीआईसीयू ने सरकार को पूर्ण सहयोग का भरोसा जताते हुए कहा कि इस यात्रा के परिणाम जल्द ही ठोस निवेश और सतत औद्योगिक विकास में बदलेंगे।