कपड़ों की दुकान में देर रात 12 बजे के करीब संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। घटना ए.सी. मार्केट के नजदीक दीपक सिनेमा रोड स्थित शोरूम में हुई है। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम के बाहर खड़ी एक कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि आसपास की इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा। आग से तीन ऐसी कंप्रेसर जल गए। कई शोरूम के शीशे भी टूट गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इलाका निवासी मुकेश के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है। शोर मचने पर जब लोग घर से बाहर निकले तो शोरूम के बाहर आग फैल चुकी थी। लोगों ने बाल्टियों और पाइप के जरिए आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के आगे सभी प्रयास नाकाम रहे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग पास में पड़े वेस्ट मटेरियल से फैलने की आशंका जताई जा रही है। असली वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है।