राइजिंग राजस्थान निवेश समिट -2024 के दौरान की गई घोषणा के साथ बुधवार को जयपुर में प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह सीतापुरा स्थिति जेईसीसी में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पियूष गोयल ने राज्य सरकार के कामकाज की जमकर तारीफ की और प्रवासी राजस्थानियों से कहा कि यहां औद्योगिक निवेश के अवसर सबसे ज्यादा हैं, ऐसे में वे हर अवसर को भुनाएं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने देश-दुनिया में फैले प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जन्मभूमि में निवेश को आमंत्रित किया। उन्होंने उद्घाटन समारोह में ही अगले वर्ष फिर से राइजिंग राजस्थान समिट आयोजित किए जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश और प्रवासी समुदाय के जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से राजस्थान फाउंडेशन के 14 नए चैप्टर स्थापित करने की घोषणा की। इनमें से 9 विदेशों और 5 देश के विभिन्न राज्यों में स्थापित किए जाएंगे। समारोह में कमिटमेंट इन एक्शन कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। बागडे: अब राजस्थान सूखा क्षेत्र नहीं, निवेश का अवसर
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि प्रवासी प्रदेश में आएं, यहां उन्हें मानव शक्ति और ज़मीन आदि सभी सुविधाएं समयबद्ध प्रदान की जाएंगी। राजस्थान अब सूखा क्षेत्र नहीं है। यह हरा भरा क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों ने राजस्थान के सामाजिक-आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में सदा मदद की है। गोयल : राजस्थान की युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत
केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने राजस्थान को परंपरा, आधुनिकता, विकास और विरासत के अद्भुत संतुलन वाला राज्य बताया। कहा कि राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत इसकी डेमोग्राफिक डिविडेंड यानी विशाल युवा शक्ति है, जिनके दम पर राज्य तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है। कटारिया: मैं तो टेंपरेरी प्रवासी, मेरी जिंदगी यहीं निकली है
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने प्रवासी राजस्थानियों से कहा- यह धरती आपकी धरती है। आपकी, मेरी और हम सब की है। पता नहीं पीयूष गोयल जी ने मुझे भी क्यों प्रवासी बना दिया। मैं टेंपरेरी प्रवासी हूं, मेरी जिंदगी यही निकली है। आगे भी यहीं निकलेगी। मैं जानता हूं कि ऐसे स्थान पर कहां पर कोई जा नहीं सकता। राठौड़: राजस्थान में उद्योग स्थापना का यही सही समय
उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र पर पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों का आह्वान करते हुए कहा कि राजस्थान में निवेश और उद्योग स्थापना का ‘यही समय, सही समय’ है। मंत्री बोले-जिनको कुर्सियों की आदत, वो खाली कुर्सी ढूंढते हैं जयपुर | प्रवासी राजस्थानी दिवस के उद्घाटन समारोह में खाली कुर्सियों के आरोप पर उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कुर्सियों की आदत पड़ गई, वे खाली कुर्सियां ढूंढ़ते रहते हैं। असल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पर समारोह के लिए लिखा था कि भाजपा सरकार का असली चेहरा यही है, खाली दावे, खाली मंच, खाली कुर्सियां और खाली खोखली उपलब्धियां। उद्योग मंत्री राठौड़ ने कहा कि जिनको केवल कुर्सियों की चिंता होती है, वे खाली कुर्सियां ढूंढते रहते हैं। हम तो उद्योग देख रहे हैं और कितना निवेश हो रहा है, उसे गिन रहे हैं। जो खाली कुर्सियां गिन रहे हैं, उन्हें संदेश दे देते हैं। राठौड़ सहित संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल व उद्योग राज्यमंत्री केके बिश्नोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पटेल ने कहा कि आज के कार्यक्रम में पूरा हॉल खचाखच भरा था। कोई कुर्सी खाली नहीं थी। लेकिन पता नहीं कहां से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने खाली कुर्सियों की फोटो बनाकर प्रवासी राजस्थानी दिवस की आलोचना की, जो बहुत निंदनीय है।
