हनुमानगढ़. जिला परिषद हनुमानगढ़ की साधारण सभा की बैठक में कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच टीका-टिप्पणी का दौर चला। इस दौरान कभी ठहाके लगे तो कभी बातों में तल्खी भी नजर आई। मंगलवार को हुई बैठक के आखिर में नोहर पंचायत समिति प्रधान सोहन ढिल ने सभी अधिकारियों से कहा कि पांच बरसों तक अधिकारियों ने सदस्यों को सुना। अब कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐसे में सदस्य यदि फिर जनहित की बात को लेकर फोन करें तो गिले-शिकवे भूला करके उनको तवज्जो देना।इस दौरान ढिल ने गांवों में शराब की चल रही अवैध ब्रांच का मुद़्दा उठाते हुए कहा कि वहां पर चिट्टा सहित अन्य नशा भी बिक रहा है। युवा इसकी गिरफ्त में आ रहा है। लेकिन आबकारी विभाग पांच बरसों से टाइम पास करने में लगा हुआ है। कलक्टर ने आबकारी सहित अन्य अधिकारियों को डिकॉय आपेरेशन करने का निर्देश दिया। जिला प्रमुख कविता मेघवाल, कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओपी बिश्नोई, जिला परिषद सदस्य मनीष मक्कासर, दुन्नीराम, मोहम्मद हुसैन खोखर, प्रवीणा मेघवाल सहित अन्य बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। बैठक में पानी, बिजली, सडक़ सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। जिला परिषद सदस्य मनीष मक्कासर ने जोधपुर डिस्कॉम की ओर से लोगों के घरों में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर का विरोध किया। उन्होंने कहा कि जब पब्लिक स्मार्ट मीटर का विरोध कर रही है फिर ठेकेदार जबरन क्योंं लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता लगातार विरोध कर रही है। इसलिए विभाग जबरन मीटर लगाने का प्रयास नहीं करें। इस दौरान डिस्कॉम के एसई ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर हम भ्रांतियों को दूर करना चाहते हैं। विधायक विनोद गोठवाल ने तो यहां तक कह दिया कि डिस्कॉम के अभियंता गोलीबाज हैं। कुछ सदस्यों ने गांवों में रोडवेज बसें चलाने की मांग रखी। जल संसाधन विभाग हनुमानगढ़ के अधीक्षण अभियंता रामाकिशन ने सिंचाई खाळों के निर्माण को लेकर जानकारी दी। पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने कृषि कनेक्शन जारी नहीं करने, शहरी क्षेत्र में चिकित्सालय निर्माण शुरू नहीं करने अन्य समस्याओं को लेकर नाराजगी जाहिर की। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक प्रमोद यादव, बलकरण सिंह, रमेश बराला, सहकारिता विभाग के उप रजिस्ट्रार अमीलाल सहारण आदि अधिकारी बैठक में मौजूद रहे। शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला ने शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों को लेकर जानकारी दी।
