जिले में बरसात से अगेती फसल की गुणवत्ता प्रभावित, सरकारी खरीद को लेकर केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजारहनुमानगढ़. जिले में गत दिनों तेज बारिश की वजह से अगेती मूंग की फसल काफी प्रभावित हुई है। इससे किसानों में मायूसी है। इस बीच किसान खेतों में मूंग की कटाई में जुट गए हैं। जिले की बात करें तो अगेती मूंग की कुछ ढेरियां मंडियों में आने लगी है। लेकिन दाने काले पडऩे की वजह से इसके ठीक भाव किसानों को नहीं मिल रहे हैं। एमएसपी पर खरीद शुरू नहीं होने की वजह से किसानों को काफी नुकसान हो रहा है।केंद्र सरकार ने इस बार मूंग का एमएसपी 8768 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। जिले में दस खरीद केंद्र भी स्वीकृत किए हैं। परंतु क्रॉप कटिंग का डाटा उपलब्ध नहीं होने की वजह से केंद्र सरकार ने अभी सरकारी खरीद को लेकर स्वीकृति प्रदान नहीं की है। इस वजह से राजफैड जिले की मंडियों में इसकी एमएसपी पर खरीद शुरू नहीं कर रहा। दो दिन पहले राजफैड के प्रबंध निदेशक टीकमचंद बोहरा ने जिले की मंडियों में जाकर मूंग फसल की गुणवत्ता जांची तो वर्तमान में आ रही ढेरियों की गुणवत्ता खरीद मानकों के अनुसार नहीं मिली।दाने काले पडऩे की वजह से गुणवत्ता कमजोर मिली। अब केंद्र सरकार पर सबकी नजरें टिकी हुई है। जल्द पछेती फसल भी मंडियों में आनी शुरू हो जाएगी। ऐसे में सरकार जल्द एमएसपी पर इसकी खरीद शुरू करेगी तभी किसानों को कुछ आर्थिक संबल मिल सकेगा। एमएसपी व बाजार भाव में अभी 3000 से 3500 रुपए प्रति क्ंिवटल का अंतर आ रहा है। इससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।