बांसवाड़ा जिले के उदयपुर मार्ग के लियो सर्किल के पास शनिवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत यह रही कि मौके से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा मौके पर पहुंचे और घायलों को अपनी गाड़ी से एमजी हॉस्पिटल पहुंचाया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा ने बताया कि वे एक चुनावी बैठक में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उन्हें हादसे की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंचे। बैठक बाद में भी हो सकती हैं। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के समय पर न पहुंचने और संकट के समय मदद करते हुए अपनी गाड़ी से हॉस्पिटल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, ऑटो में डांग पाड़ा के रहने वाले संजय, सीमा, रविन्द्र, मुन्नी, रेशमी सवार थे। सभी अपने घर की तरफ जा रहे थे। भीषण टक्कर में ऑटो बेकाबू हो गया था। मौजूद ग्रामीणों और हकरू मईड़ा ने सभी घायलों को बचाया और खाई में गिरने जा रहे ऑटो को भी साइड में लिया। फिलहाल घायलों का एमजी हॉस्पिटल में इलाज जारी है।
