पंजाब के पूर्व सीएम एवं जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को मोरिंडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य में कानून-व्यवस्था और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सवाल उठाए। चन्नी ने आरोप लगाया कि मोरिंडा और चमकौर साहिब इलाके में व्यापारियों और दुकानदारों को धमकियां देकर लाखों रुपए की फिरौती मांगी जा रही है। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर कुछ पीड़ित व्यापारियों के साथ अपने निजी गनमैन तैनात करने की बात कही। सांसद चन्नी ने बताया कि पिछले एक महीने से इलाके के व्यवसायियों में डर का माहौल है। सोने के कारोबारियों सहित कई व्यापारियों से 10 लाख से लेकर 40 लाख रुपए तक की मांग की गई है। पीड़ितों के घरों और वाहनों की रेकी कर तस्वीरें भेजी जा रही हैं और पैसे न देने पर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल चन्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन शिकायतों पर त्वरित कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने एक मामले का हवाला देते हुए कहा कि संदिग्ध वाहन का नंबर और तस्वीरें सौंपने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद पीड़ित को फिरौती की रकम बढ़ाने की धमकी मिली। चन्नी ने प्रभावित व्यापारियों को तुरंत सरकारी सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। PCS परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया पर सरकार को घेरा कानून-व्यवस्था के अलावा चन्नी ने PCS की 331 रिक्तियों की भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि लगभग डेढ़ लाख आवेदकों में से मुख्य परीक्षा के लिए 751 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग की। उन्होंने पटियाला में अभ्यर्थियों द्वारा दिए जा रहे धरने और हाईकोर्ट जाने के मामले का उल्लेख करते हुए अवैध खनन व फार्मेसी अधिकारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। चन्नी ने आरोप लगाया कि पंजाब के युवाओं के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।