जैसलमेर. दिवाली का त्योहार अब दो कदम की दूरी पर है, इसके चलते शहर के बाजारों में रौनक बढऩे लगी है। व्यापारियों के लिए साल के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी अवसरों में शामिल दिवाली को लेकर हनुमान चौराहा बाजार में भी उत्साह का माहौल है। यहां मोबाइल, गिफ्ट शॉप, किराना, रेडिमेड, फल-सब्जी और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। दुकानदारों ने भी त्योहार की मांग को देखते हुए दुकानों में नई रेंज और आकर्षक वैरायटी सजाई है। धनतेरस और दिवाली के नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारी का माहौल परवान चढ़ रहा है। हनुमान चौराहा शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल है। यहां जरूरत के सामान से लेकर उपहार, मोबाइल और घरों की सजावट से जुड़ी वस्तुओं की दुकानें व ठेले होने से अलग-अलग वर्ग के ग्राहक पहुंचते हैं। दिवाली पर घरों को सजाने, उपहार देने और परिवार के लिए खरीदारी करने की परंपरा के चलते बाजार में इन दिनों खास चहल-पहल दिखाई दे रही है। स्थानीय ग्राहकों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले खरीदार भी बाजार में पहुंच रहे हैं, जिससे कारोबार को गति मिल रही है।
