जयपुर। धानक्या रेलवे ट्रैक के पास मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही चचेरे भाई ने की थी। आरोपी के मृतक की पत्नी यानी अपनी भाभी से प्रेम संबंध थे। इसी रिश्ते में बाधा बनने के चलते उसने श्रवण सिंह की हत्या की साजिश रची। वारदात के बाद उसने शव को रेलवे हादसे का रूप देने की कोशिश की। इसके लिए मृतक की चप्पलें और बैग शव से कुछ दूरी पर फेंक दिए, ताकि लगे कि ट्रेन की टक्कर से शव दूर जा गिरा। हालांकि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों ने उसकी चालाकी उजागर कर दी। पुलिस ने आरोपी को झुंझुनूं से गिरफ्तार कर लिया है। अब मृतक की पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
