भास्कर न्यूज | अमृतसर मारपीट मामले में शामिल युवक को अस्पताल से गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार शाम गांव अदलीवाल के लोगों ने हरतेज अस्पताल के बाहर धरना लगा दिया। रुपिंदर कौर निवासी गांव अदलीवाल का कहना था कि बेटा साहिलप्रीत सिंह (21) 27 नवंबर को किसी काम से जा रहा था। कुकड़ांवाला के पास उसकी कार में करनबीर सिंह उर्फ भोलू निवासी अजनाला ने पीछे से अपनी कार से टक्कर मार दी। जब बेटे ने पूछा कि कार में टक्कर क्यों मारी तो दोनों में बहसबाजी हुई और करनबीर ने अपने साथी विक्की उर्फ पहलवान और अन्य को बुला लिया। आरोपियों ने बेटे पर तेजधार हथियारों से हमला किया, जिससे सिर पर गंभीर चोट लगी। बेटा जीएनडीएच में उपचाराधीन है और उसका ब्रेन डेड घोषित किया गया है। इलाज जारी है मगर उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ है। शिकायत के बावजूद अजनाला पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही।
