भास्कर न्यूज | लुधियाना साहनेवाल क्षेत्र में जमीन के सौदे के नाम पर 75 लाख रुपये की भारी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत और विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना साहनेवाल पुलिस ने तीन आरोपियों दर्शन सिंह, रविंदर सिंह और मनजोत सिंह के खिलाफ धारा 420, 406 और 120-B के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता सुक्खा सिंह, निवासी नंदपुर साहनेवाल ने पुलिस कमिश्नर लुधियाना को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपियों ने आपसी साजिश के तहत अपनी 76 कनाल जमीन, जो पहले से ही कर्ज में थी, 50 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से बेचने का सौदा किया। 19 अप्रैल 2022 को हुए इस इकरारनामा के दौरान तीनों आरोपियों ने मिलकर उन्हें और उनके साथियों मोहिंदर सिंह व रमनिंदर सिंह से 75 लाख रुपये बतौर बयाना ले लिए। शिकायत में कहा गया कि इकरारनामा के समय आरोपियों ने जमीन पर लिए गए भारी कर्ज की जानकारी जानबूझकर छुपाई। तय शर्तों के अनुसार 30 नवंबर 2023 को रजिस्ट्री करवानी थी, जिसके लिए शिकायतकर्ता और उसके साथी पूरे पैसे लेकर रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे, लेकिन आरोपी पक्ष में से कोई भी मौजूद नहीं हुआ। बाद में कई बार आग्रह करने के बावजूद न तो रजिस्ट्री करवाई गई और न ही बयाने की रकम लौटाई गई। जांच के दौरान राजस्व विभाग से प्राप्त रिकॉर्ड में स्पष्ट हुआ कि जमीन पर कई साल से अलग-अलग बैंकों के कर्ज थे, जिन्हें आरोपियों ने छुपाया था। एडीसीपी जोन-2 की जांच रिपोर्ट में यह साफ कहा गया कि तीनों आरोपियों ने साजिश के तहत कर्ज वाली जमीन बेचकर 75 लाख रुपये हड़प लिए। रिपोर्ट से सहमत होते हुए पुलिस कमिश्नर ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।