आरएनटी मेडिकल कॉलेज में नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) उदयपुर एवं 2024 बैच के विद्यार्थियों की ओर से नूतन छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर भगवान धन्वंतरि के चित्र और चरक शपथ पट्ट का अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन थे। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. विपिन माथुर ने की। कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विद्यार्थियों को चरक शपथ के आदर्श जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, चिकित्सक का विनम्र व्यवहार रोगी की आधी बीमारी दूर कर देता है। भारतीय संस्कृति के गौरव को बनाए रखते हुए राष्ट्र को सर्वोपरि रखना चाहिए। विधायक ताराचंद जैन ने चिकित्सकों की सराहना करते हुए कॉलेज परिसर के विस्तार के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही एमआरआई जांच की लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए अतिरिक्त मशीन की आवश्यकता पर जोर दिया। प्राचार्य डॉ. विपिन माथुर ने नए विद्यार्थियों को चरक शपथ दिलाई। डॉ. सुशील साहू ने इसके ऐतिहासिक और नैतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह शपथ प्राचीन आयुर्वेदिक ग्रंथ चरक संहिता पर आधारित है और अब नेशनल मेडिकल कमीशन द्वारा सभी मेडिकल विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य कर दी गई है। अतिथियों ने भगवान धन्वंतरि के चित्र का अनावरण किया। एनएमओ अध्यक्ष डॉ. राहुल जैन ने बताया कि धनवंतरी समुद्र मंथन से प्राप्त 14 र|ों में से एक हैं और आयुर्वेद एवं चिकित्सा के देवता माने जाते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों प्रीति अग्रवाल, अभिषेक यादव और अमन कुमावत ने अपने अनुभव साझा किए। मंच संचालन मेडिकल विद्यार्थियों खुश राज सिंह सोलंकी एवं ख्याति सिंह भाटी ने किया। इस अवसर पर अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं शिक्षक उपस्थित रहे। आरएनटी मेडिकल कॉलेज में समारोह आरएनटी मेडिकल कॉलेज में अभिनंदन समारोह में शामिल छात्र।
