उदयपुर| बड़गांव थाना क्षेत्र में एक युवक को अपहरण की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ है। तुलसीनगर, मनोहरपुरा निवासी सुरेश सेन ने रिपोर्ट दी कि वह सैलून का काम करता है। दियों का वाड़ा निवासी करण सिंह, सुमेर सिंह और मानपुरा-लखावली निवासी नरेश डांगी उससे 1.5 करोड़ रुपए मांग रहे हैं। गत 21 नवंबर को दोपहर 2 बजे पंजीयन कार्यालय के बाहर आरोपी अपने गुंडों के साथ पहुंचे और धमकाया कि रुपए नहीं दिए तो उसे व उसके दोस्त श्रवणसिंह को शूटर से मरवा देंगे। आरोपियों ने दोनों की रैकी भी की। पीड़ित ने यह भी बताया कि इससे पहले भी आरोपियों ने उसका अपहरण कर 30 लाख की मांग की थी और उसे जेसीबी के आगे बांधकर झालों का फार्म हाउस पर रातभर मारपीट की थी। इसकी रिपोर्ट सुखेर थाने में दर्ज है। अब आरोपी मुकदमा उठाने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उदयपुर| हिरणमगरी थाना क्षेत्र में चोर मकान का ताला तोड़कर 3 लाख नकद और 5.5 तोला सोने के जेवरात चोरी कर ले गया। पीड़ित अंतरिक्ष कांठेड़ निवासी पूजा नगर सेक्टर 4 ने बताया कि सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक घर पर कोई नहीं था। जब वह लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों की अलमारियां खुली थीं और सामान बिखरा था। घर से नकद राशि व सोने की चेन और दो अंगूठियां चोरी हो गईं। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। उदयपुर| गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने एक युवक को बैंक खाता खुलवाकर उसे साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार निचलावास निवासी विजय सिंह के नाम से कैनरा बैंक में खुलवाए गए खाते में संदिग्ध लेन-देन हुआ था। पूछताछ में विजय ने बताया कि उसके गांव के लहर सिंह ने उसे शेयर मार्केट में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर सेक्टर-14 स्थित बैंक में खाता खुलवाया और एटीएम-पासबुक ले ली। बाद में खाते में हुए संदिग्ध ट्रांजेक्शन के कारण खाता फ्रीज हो गया और हरियाणा में इस खाते पर साइबर शिकायत दर्ज मिली। पुलिस ने आरोपी लहर सिंह देवड़ा निवासी निचलावास को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
