भास्कर न्यूज| लुधियाना सर्दी शुरू होते ही बाजारों में को-ऑर्ड सेट्स की डिमांड अचानक बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार पिछले साल की तुलना में दोगुनी डिमांड देखी जा रही है। पहले जहां महिलाएं स्वेटर और जैकेट पर निर्भर रहती थीं, वहीं अब तैयार पहनने वाले मैचिंग सेट्स को ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इनके लुक ट्रेंडी होने से लोग ट्रेंड फॉलो करने लगे हैं। महिलाएं और कॉलेज गोइंग गर्ल्स कहती हैं कि ये सेट्स पहनने में बेहद आरामदायक होते हैं और ठंड में गर्माहट देते हैं। खास बात यह कि मैचिंग टॉप और पैंट के कारण सुबह तैयार होने में समय नहीं लगता। कई महिलाएं बताती हैं कि पारंपरिक वुलेन वियर की तुलना में यह ज्यादा स्टाइलिश लगते हैं और ऑफिस, ट्रैवल, कैजुअल आउटिंग हर जगह सूट करते हैं। शहर के दुकानदारों के अनुसार केबल निट, रिब निट और फाइन वूल फैब्रिक वाले सेट्स सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। कलर में पेस्टल शेड्स, चॉकलेट-ब्राउन, ब्लैक, मॉस-ग्रीन और लाइलैक की मांग अधिक है। हाई-नेक टॉप, ओवरसाइज स्वेटर और स्ट्रेट-फिट पैंट्स वाली डिजाइन हर उम्र की महिलाओं को पसंद आ रही है। वहीं ट्रैवल लुक के लिए हूडी-स्टाइल को-ऑर्ड तेजी से बिक रहे हैं। कई ब्रांड्स ने नए कलेक्शन लॉन्च किए हैं जिन्हें फैशन इन्फ्लुएंसर्स भी प्रमोट कर रहे हैं। इसका असर यह हुआ कि छोटे शहरों में भी इनकी ऑनलाइन खरीद काफी तेजी से बढ़ी है। बाजारों में वूलन वियर का सीजन जोर पकड़ चुका है। दुकानदार बताते हैं कि सबसे ज्यादा डिमांड को-ऑर्ड सेट्स की ही हो रही है। कई दुकानों में लेटेस्ट डिजाइन का नया स्टॉक आते ही खत्म होने लगा है। ग्राहक खासकर नए पैटर्न और अनोखे कलर कॉम्बिनेशन वाले सेट मांग रहे हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि वूलन को-ऑर्ड सेट्स का ट्रेंड इसलिए बढ़ा है, क्योंकि ये कम्फर्ट और स्टाइल दोनों को साथ लेकर चलते हैं। इन्हें स्नीकर्स, लॉन्ग बूट्स और मिनिमल ज्वेलरी के साथ स्टाइल किया जाए तो पूरा लुक मॉडर्न और एलीगेंट बन जाता है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि आने वाले दो महीनों में इनकी मांग और बढ़ेगी। इस सीजन की रफ्तार देखकर साफ है कि वूलन को-ऑर्ड सेट्स न सिर्फ फैशन ट्रेंड में जगह बना चुके हैं, बल्कि विंटर वॉर्डरोब की पहली पसंद भी बन गए हैं।
