भास्कर न्यूज| लुधियाना बच्चों के लंच बॉक्स में रोज कुछ नया देना सबसे मुश्किल काम होता है। मम्मियां कोशिश करती हैं कि खाना टेस्टी भी हो, हेल्दी भी और स्कूल में आसानी से खाया भी जा सके। ऐसे में कॉर्न एक शानदार विकल्प है जिसे कई डिशेज में इस्तेमाल किया जा सकता है। कॉर्न की मिठास बच्चों को खूब पसंद आती है और इसमें फाइबर, विटामिन-बी और एनर्जी भरपूर होती है। इसके साथ परांठे या हल्के स्नैक्स जोड़ दिए जाएं तो पूरा लंच बॉक्स बैलेंस्ड बन जाता है। यहां तीन आसान और बच्चों के फ्रेंडली आइडिया दिए गए हैं, जिन्हें सुबह जल्दी भी तैयार किया जा सकता है। कॉर्न पास्ता : पास्ता बच्चों की फेवरेट डिश है और इसमें कॉर्न डालकर इसे और हेल्दी बनाया जा सकता है। उबले हुए पास्ता में हल्का-सा बटर डालकर स्वीट कॉर्न, मटर, थोड़ी सी काली मिर्च और नमक डालें। चाहें तो हल्की-सी क्रीम मिलाकर इसे क्रीमी बना सकते हैं। यह डिश टिफिन में बिल्कुल सूखी नहीं होती और बच्चों को जल्दी खत्म करने में भी आसान होती है। कॉर्न चीज परांठा :यह डिश बच्चों का ऑल-टाइम फेवरेट बन सकती है। उबले हुए कॉर्न को थोड़ा मैश करके उसमें कद्दूकस किया हुआ चीज़, हल्का सा नमक, काली मिर्च और थोड़ा सा मक्खन मिलाएं। गेहूं के आटे से छोटी-छोटी रोटियां बेलकर भरावन डालें और हल्के हाथ से परांठा सेक लें। यह परांठा बाहर से क्रिस्पी और अंदर से चीज़ी फ्लेवर वाला बनता है, जिसे बच्चे बिना किसी चटनी के भी खा लेते हैं। कॉर्न वेज कटलेट: अगर लंच बॉक्स में स्नैकी और हल्की डिश रखनी हो तो कॉर्न वेज कटलेट परफेक्ट हैं। उबले हुए आलू, कॉर्न, बीन्स, गाजर और हल्का सा नमक मिलाकर छोटी-छोटी टिक्की बना लें। इन्हें ग्रीस की हुई तवे पर हल्का सा सेकें ताकि ज्यादा ऑयली न हों। यह कटलेट स्कूल में ठंडे होने के बाद भी स्वाद बनाए रखते हैं और बच्चों को इन्हें हाथ से खाना भी आसान लगता है।