अबोहर में मलोट रोड पर केएफसी प्लाजा के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना रविवार दोपहर बाद हुई। जानकारी के अनुसार, अरनीवाला निवासी सुरेंद्र उर्फ बब्बू अपनी पत्नी मंजीत कौर उर्फ मीतू और मासी सुखजीत कौर के साथ बाइक पर सवार होकर गांव बल्लूआना में एक शोक सभा से वापस अरनीवाला लौट रहे थे। मलोट रोड पर केएफसी प्लाजा के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। आरोपी ड्राइवर ने ही अस्पताल पहुंचाया टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। कार ड्राइवर ने ही तत्काल तीनों घायलों को अपनी कार से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने लगभग 40 वर्षीय मंजीत कौर उर्फ मीतू को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही कार ड्राइवर अपनी गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन बड़ी संख्या में सरकारी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने कार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना सदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल सुरेंद्र और सुखजीत कौर अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जबकि मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।