भरतपुर में छोटे भाई की शादी से 4 दिन पहले बड़े भाई (पटवारी) की एक्सीडेंट में मौत हो गई। वह शादी से जुड़ी तैयारियां देखने के लिए बाइक पर मैरिज गार्डन जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक (केंट्रा) ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके साथ दूसरी बाइक पर जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। हादसा हलैना थाना इलाके में सरसैना मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। ट्रक ने 2 बाइक को मारी टक्कर
SHO बृजेंद्र सिंह ने बताया- एक्सीडेंट की सूचना पर मौके पर पहुंचे। पता लगा कि तेज रफ्तार ट्रक ने 2 बाइक को टक्कर मार दी। पहले कुलदीप शर्मा (35) पुत्र श्रवण शर्मा की बाइक को टक्कर मारी। उसके बाद सोनू सैनी (32) की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सोनू की बाइक ट्रक के नीचे फंस गई, जिसे ट्रक करीब 100 फीट तक घसीटते हुए ले गया। गंभीर हालत में उसे भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल रेफर किया है। ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया। उसकी तलाश शुरू कर दी है। हलैना के ट्रॉमा सेंटर में कुलदीप के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। 6 साल पहले हुई थी शादी
कुलदीप के पिता श्रवण शर्मा ने बताया- छोटे बेटे सोनू शर्मा की 25 नवंबर को शादी है। इसके लिए तिलचिवि इलाके में TM मैरिज गार्डन में शादी की तैयारियां चल रही हैं। बड़ा बेटा कुलदीप मैरिज गार्डन में व्यवस्थाएं देखने के लिए गया था। तब ही रास्ते में घटना हो गई। पिता ने बताया- कुलदीप रहीमगढ़ और गांगरौली में पटवारी के पद पर कार्यरत था। उसकी शादी 6 साल पहले हुई थी। उसके 4 साल का बेटा है। उसकी मौत की खबर से शादी के घर में मातम पसर गया है। दूसरी बाइक पर मैरिज गार्डन में पानी की व्यवस्थाएं देखने के लिए पानी का काम करने वाला युवक सोनू सैनी गया था। उसकी हालत गंभीर है। वह आरबीएम हॉस्पिटल में भर्ती है।
