लुधियाना में भाजपा नेता गेजा राम द्वारा पंजाब के किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग को लेकर की गई एक टिप्पणी ने राज्य में सियासी माहौल गरमा दिया है। गेजा राम ने अपने बयान में कहा था कि यदि पंजाब के किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पसंद नहीं करते तो उन्हें मोदी द्वारा उनके खातों में डाली जा रही दो-दो हजार रुपए की किस्तें वापस कर देनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब के गरीब और मजदूर मनरेगा की दिहाड़ी, मुफ्त राशन और कच्चे मकान पक्के करवाने के लिए भेजे जाने वाले पैसों को भी स्वीकार न करें। इस बयान के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस नेता का जवाब: जनता के पैसे से चलती हैं योजनाएं जगराओं विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी व पूर्व विधायक जगतार सिंह जग्गा ने गेजा राम के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि गेजा राम ने पंजाब के मेहनतकश किसानों और मजदूरों का अपमान किया है। कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं जनता के टैक्स से संचालित होती हैं। ये गेजा राम या प्रधानमंत्री मोदी की निजी संपत्ति से नहीं चलतीं, बल्कि देश के नागरिकों के योगदान से चलती हैं। किसानों की आय दो गुना करने का वादा पूरा नहीं कांग्रेस नेता ने भाजपा पर किसानों की आय दोगुनी करने का अपना वादा पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार किसान आंदोलन के दौरान किए गए वादों से पीछे हट गई है और अब तीनों कृषि कानूनों को फिर से लागू करने की कोशिशें की जा रही हैं। जग्गा ने अंत में कहा कि पंजाब का किसान जागरूक है। देश के अन्न भंडार को भरने में सक्षम है। उन्होंने सभी भाजपा नेताओं से आग्रह किया कि वे पंजाब और उसके किसानों, मजदूरों तथा गरीबों के खिलाफ अपमानजनक बयान देने से बचें।
