कपूरथला जिला प्रशासन ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित नगर कीर्तन के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह प्लान सुचारु यातायात सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार किया गया है। नगर कीर्तन कल कपूरथला में प्रवेश करेगा। सुल्तानपुर लोधी से कपूरथला की ओर आने वाले भारी वाहनों को रेलवे क्रॉसिंग डडविंडी से ताशपुर की ओर मोड़ा जाएगा। इसी तरह, सुल्तानपुर लोधी और रेल कोच फैक्ट्री से कपूरथला आने वाले भारी वाहन सैदोवाल मोड़ सुल्तानपुर रोड से सिधवां और रजापुर की तरफ डायवर्ट किए जाएंगे। नकोदर से कपूरथला जाने वाले ट्रैफिक को अमृतसर और करतारपुर-काला संघिया होते हुए निझरां, कोहाला, अठौला, आधी खूही से जालंधर की तरफ मोड़ा जाएगा। जालंधर से कपूरथला वाया सुल्तानपुर लोधी, गोइंदवाल साहिब जाने वाले ट्रैफिक को समाध बाबा झोटे शाह बाईपास सर्कुलर रोड और रमणीक चौक से भेजा जाएगा। करतारपुर से कपूरथला बारस्ता सुल्तानपुर लोधी, गोइंदवाल जाने वाले ट्रैफिक को गांव फाजलपुर (जालंधर जिला), पत्तड़ कलां, खैरा माझा से साइंस सिटी जालंधर रोड, समाध बाबा झोटे शाह बाईपास सर्कुलर रोड और रमणीक चौक से भेजा जाएगा। सुभानपुर से कपूरथला आने वाले भारी ट्रैफिक को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। हालांकि, सुभानपुर से कपूरथला आने वाले हल्के ट्रैफिक को वाई पॉइंट कांजली और चूहड़वाल चुंगी से शहर में प्रवेश दिया जाएगा।