सलूंबर के एक सरकारी स्कूल में मंगलवार को मिड डे मील का खाना खाने के बाद 40 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पता चला कि बच्चों को परोसे गए भोजन में छिपकली गिर गई थी। घटना लसाडिया उपखंड के डाईखेड़ा में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की है। स्कूल में खाना खाते ही कई बच्चों को उल्टी-दस्त और चक्कर आने जैसी शिकायतें हुईं। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए। तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। चिकित्सा विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और सभी 40 बच्चों को लसाडिया सीएचसी में भर्ती कराया गया। बच्चों का उपचार फिलहाल जारी है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सलूंबर जिला कलेक्टर अवधैश मीणा भी लसाडिया अस्पताल पहुंचे और जानकारी ली। वहां पर भाजपा नेता कन्हैयालाल मीणा भी पहुंचे और विद्यालय व स्वास्थ्य केंद्र जाकर बच्चों की स्थिति और घटना की जानकारी ली। खाना खाते ही नीचे गिरे बच्चे बताया जा रहा है की बच्चों के लिए बनाए गए खाने की दाल में छिपकली गिर गई थी। जैसे ही बच्चों ने खाना खाया वो बेहोश होकर गिर पड़े। ऐसे में दाल हिलाकर देखी उसमें छिपकली दिखाई दी थी। स्कूल में सलूंबर एडीएम राजलक्ष्मी गहलोत भी पहुंची। यहां अभिभावकों और स्कूल स्टाफ से बातचीत की। उन्होंने छात्राओं से बातचीत की तो एक छात्रा ने उनको बताया कि छिपकली देखी थी। इस दौरान कूण थानाधिकारी निलेश कुमार डाबी भी पहुंचे। धरियावद विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार रहे कन्हैया लाल मीणा ने बताया- उनको ग्रामीणों ने सूचना देकर बताया की स्कूल में बच्चे बीमार हो गए और दाल में छिपकली थी। बाद में वह खुद मौके पर पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों को भी सूचना दी। इनपुट – करण औदिच्य