राजस्थान में सर्दी के तेवर बरकरार है। प्रदेश के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज होने के कारण सुबह-शाम ठिठुरन है। वहीं, दिन में तेज धूप रहने से मौसम सुहाना हो गया। गुरुवार को राज्य में सबसे ठंडा दिन सिरोही में रहा, जहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। शेखावाटी में न्यूनतम तापमान अभी भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की और गिरावट होने की संभावना जताई है। गुरुवार को सबसे ज्यादा रात में सर्दी सीकर के पास फतेहपुर में रही, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा ठंडा दिन सिरोही में रहा, जहां अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर, झुंझुनूं, पिलानी में कल सुबह-शाम कोल्ड-वेव (शीतलहर) का प्रभाव रहा। फतेहपुर के अलावा कल बारां में 9.8 डिग्री, चूरू में 9.7, सीकर में 9.4, पिलानी में 9.8 और नागौर में 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वनस्थली (टोंक) में 10.5, अलवर में 10.8, करौली में 10, झुंझुनूं में 10.4, जालौर में 11.5, गंगानगर में 11.5, जोधपुर में 12.7, बीकानेर में 14.2, जैसलमेर, कोटा में 14.6, जयपुर में 14.4 और अजमेर में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में सुहानी धूप, तापमान 27 से 31 डिग्री के बीच सुबह-शाम भले ही तेज सर्दी से ठिठुरन हो, लेकिन दोपहर होने के साथ ही मौसम सुहाना हो रहा है। कल दिन का सबसे अधिक तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 30.3, जोधपुर में 30.8, बीकानेर में 29.8, चूरू में 29.3, गंगानगर में 28.9, नागौर में 30, उदयपुर में 28, कोटा में 29, सीकर में 27, जयपुर में 29, अलवर में 27, पिलानी में 28.5, अजमेर में 28.6 और बारां में 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
