जयपुर में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने दिल्ली ब्लास्ट घटना पर कहा- यह घटना बताती है कि सिर्फ पढ़-लिख लेना या उच्च शिक्षित होना, समाज में शांति लाने की गारंटी नहीं है। कई पढ़े-लिखे लोग, यहां तक कि डॉक्टरों जैसे प्रोफेशन से जुड़े लोग, जिन्हें लोगों की जान बचाने की जिम्मेदारी दी जाती है। अगर जानलेवा काम में शामिल हो जाएं तो यह साफ दिखाता है कि हमारी शिक्षा प्रणाली में कहीं न कहीं गंभीर कमी है। गुरु श्री श्री रविशंकर ने कहा- दिल्ली ब्लास्ट घटना बेहद भयानक और खतरनाक दुर्घटना है, जिससे सभी को गहरा आघात पहुंचा है। जयपुर के SMS आउटडोर स्टेडियम में शुक्रवार को आयोजित ‘उत्साह – एक युवा संगम’ कार्यक्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने यह कहा। उन्होंने इस मामले में शामिल डॉक्टरों और कुछ आध्यात्मिक गुरुओं को लेकर कहा- केवल किताबों का ज्ञान शिक्षा नहीं है। सिर्फ सूचना होना शिक्षा नहीं कहलाता। जब तक किसी व्यक्ति के अंदर शिक्षा के माध्यम से उदार और संतुलित व्यक्तित्व नहीं बनता, तब तक उसे वास्तविक रूप से शिक्षित नहीं माना जा सकता। गुरु श्री श्री रविशंकर ने कहा- हिंसा को जड़ से खत्म करना है तो इसके लिए शिक्षा के माध्यम से ही चोट करनी होगी। अगर हर स्तर की शिक्षा व्यवस्था में नैतिक और आध्यात्मिक शिक्षा शामिल हो जाए तो इस तरह की घटनाएं कम हो सकती हैं या खत्म भी हो सकती हैं। पहले देखें PHOTOS स्टूडेंट के सवालों के जवाब दिए, हजारों लोगों ने एक साथ गाया वंदे मातरम SMS स्टेडियम में श्री श्री रविशंकर के पहुंचने पर ढोल-नगाड़े बजाकर स्वागत किया गया। इस दौरान सिंगर रविंद्र उपाध्याय ने मंच पर परफॉर्मेंस दी। मंच पर उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा भी मौजूद रहे। वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष में SMS स्टेडियम में हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने एक साथ वंदे मातरम का गायन किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण 184 देशों के आर्ट ऑफ लिविंग केंद्रों और प्रमुख मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हुआ। ट्रोलिंग और बुलिंग पर भी बोले, कहा- फौज में जाना आपके डीएनए में
श्री श्री रविशंकर ने मंच से स्टूडेंट के सवालों के जवाब दिए। स्टूडेंट्स ने श्री श्री से कई अनूठे सवाल किए। ट्रोलिंग और बुलिंग करने के सवाल पर श्रीश्री रविशंकर बोले- आपको कहना चाहिए आपने बहुत अच्छा बुलिंग किया। लेकिन आपने सैकंड ग्रेड जैसा किया है, इससे अच्छा करो। मैं तुमसे अच्छा बुलिंग कर सकता हूं। लेकिन मैं ऐसा नहीं करना चाहता हूं। ये बात कहने से बुलिंग करने वाले ऐसे लगेंगे, जैसा एक कुत्ता गाड़ी को ओवरटेक करने के लिए दौड़ता है। गाड़ी को ओवरटेक करने के बाद कुत्ते का चेहरा जैसा होता है, वैसा ही बुलिंग करने वाले का चेहरा होगा।
आर्मी में जाने के सवाल पर श्री श्री रविशंकर ने कहा- फौज में जाना आपके डीएनए में है। तुम्हें अच्छा लगेगा जब फौज में जाओगे। आपको पूरा देश सलाम करेगा। राजस्थान में जगह खुदकुशी की घटनाएं आ रही, युवा अध्यात्म से जुड़ें रुकेंगी ऐसी घटनाएं आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने कहा कि जीवन में विज्ञान और अध्यात्म दोनों को साथ लेकर चलने से संतुलन बनता है। उन्होंने बताया कि जहां विज्ञान कम होता है, वहां अंधविश्वास बढ़ता है और जहां अध्यात्म की कमी होती है। वहां असुख और अशांति फैल जाती है। इसलिए समृद्धि, सुख और शांति- तीनों का साथ होना ज़रूरी है। इसी सोच के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, ताकि देश-दुनिया के लाखों युवा अध्यात्म से जुड़ें और खुदकुशी जैसी घटनाओं को रोकने की दिशा में पहल हो। श्री श्री ने कहा कि राजस्थान में जगह-जगह खुदकुशी की घटनाएं सामने आ रही हैं और युवाओं में सृजनात्मकता बढ़ाने के लिए यह कार्यक्रम एक प्रयत्न है। नशा मुक्ति अभियान पर बोलते हुए श्री श्री रविशंकर ने कहा- जब कोई अच्छा काम करता है तो सरकार भी सहयोग देती है। उन्होंने बताया कि कई गैर सरकारी संस्थाएं भी इस मुहिम से जुड़ रही हैं। श्री श्री ने कहा कि वे सीधे कश्मीर से जयपुर पहुंचे हैं, जहां 20 हजार से ज्यादा युवा नशा न करने और न करने देने की शपथ ले चुके हैं। उन्होंने कहा- पूरे देश में ‘ड्रग फ्री इंडिया’ का अभियान चलाना है और इस दिशा में लगातार काम हो रहा है। बोले- युवाओं में उत्साह होना जरूरी श्री श्री रविशंकर ने मीडिया से बात करते हुए कहा- युवा उत्साह खो बैठे तो यह न वर्तमान के लिए सही है और न भविष्य के लिए। भारत का भविष्य अगर उज्ज्वल करना है तो हमारे युवाओं में उत्साह होना जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर आज जयपुर में उत्साह कार्यक्रम एक उत्सव के रूप में किया गया। यह केवल यही तक सीमित नहीं रहेगा। बल्कि पूरा जीवन एक उत्सव हो, इस दिशा में प्रयत्न किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और नशा मुक्त एवं तनाव मुक्त जीवनशैली का संदेश देना है। कार्यक्रम में युवाओं को नशा मुक्त जीवनशैली के लिए विश्व रिकॉर्ड प्रतिज्ञा कराई गई। हमारा भारत विकसित भारत बने और युवाओं के हाथ में रहे
उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि युवाओं को लिविंग ऑफ आर्ट में रहना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 में विकसित होने के विजन के तहत इन युवाओं के हाथ में सौंपना चाहते हैं। उनका स्वास्थ्य, संस्कार इस तरह से हों कि हमारा भारत विकसित भारत बने और युवाओं के हाथ में रहे। कार्यक्रम में युवाओं को नशा मुक्त जीवनशैली के लिए विश्व रिकॉर्ड प्रतिज्ञा कराई MNIT, JECRC, IIS, सेंट जेवियर्स, DPS सहित 100 से अधिक शिक्षण संस्थान इस पहल से जुड़े हैं। 15 नवंबर को JECC में होगा विज्ञान भैरव ध्यान वहीं 15 नवंबर को JECC में सुबह 9 से शाम 6 बजे तक विज्ञान भैरव ध्यान, दोपहर 12 से 3 बजे तक सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन और स्वयंसेवकों के लिए विशेष अंत्येवासी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
