पंजाब के मोहाली में जीरकपुर फ्लाईओवर पर वीआईपी काफिले की गाड़ी द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक के हीरो रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा की कार को टक्कर मारने के मामले में पुलिस हरकत में आ गई है। स्पेशल DGP ट्रैफिक ने बताया कि एस्कॉर्ट वाहन में तैनात दोनों पुलिसकर्मियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। वहीं, एसपी (ट्रैफिक) मोहाली और एएसपी जीरकपुर ने जनरल हुड्डा से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली तथा निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि ट्रैफिक ज्यादा होने से एस्कॉर्ट और प्रोटेक्टे वाहन के बीच गैप बना और उसे भरने की जल्दबाजी में हल्की टक्कर हो गई। हालांकि, जनरल हुड्डा का कहना है कि ड्राइवर ने जानबूझकर उकसाने वाला व्यवहार किया और इसे हल्का न समझा जाए। घटना के बाद डीजीपी ने तुरंत एक्शन लिया, जांच के आदेश दिए और एस्कॉर्ट वाहनों के लिए नया SOP जारी किया। स्पेशल DGP ट्रैफिक एएस राय ने दी ये जानकारी… मेजर बोले- इस मामले में मेरी अंतिम टिप्पणी
कल आपकी दो अत्यंत पेशेवर और विनम्र अधिकारियों से मुलाकात हुई। मेरी केवल यह अनुरोध है कि ड्राइवर के जानबूझकर उकसाने वाले व्यवहार को कमतर न आंका जाए। ऐसा करने से सभी का भला होगा। यह इस मामले पर मेरी अंतिम टिप्पणी है। जीरकपुर में वीआईपी काफिले की गाड़ी ने मारी टक्कर
दो दिन पहले मोहाली के जीरकपुर फ्लाईओवर पर रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डी एस हुड्डा की कार को वीआईपी काफिले में शामिल पंजाब पुलिस की एक गाड़ी ने टक्कर मार दी थी। हुड्डा ने आरोप लगाया कि टक्कर जानबूझकर मारी गई। हादसे में वे और उनकी पत्नी तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। DGP से कार्रवाई की मांग की
उन्होंने इस मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव को टैग करते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की। वहीं, पंजाब के डीजीपी ने भी इस मामले में खेद जताया है। वहीं, उन्होंने इस मामले में स्पेशल डीजीपी आरएस राय से बात की है। साथ ही उचित कार्रवाई करने की बात कही है। इसके बाद तुरंत डीजीपी एक्शन में आ गए थे। उन्होंने स्पेशल डीजीपी को जांच सौंपी और घटना के लिए खेद जताया था। वहीं, एस्कॉर्ट वाहनों के लिए नई एसओपी जारी की थी।
